बैंक घोटाला : गिरफ्तारी से बचने के लिए आईएएस अफसर पहुंचे कोर्ट, 2 जुलाई पर टिकी नजरें
punjabkesari.in Sunday, Jun 28, 2026 - 03:24 PM (IST)
चंडीगढ़: बैंक घोटाले में नाम आने के बाद निलंबित आईएएस अधिकारी प्रदीप कुमार ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पंचकूला की अदालत में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की है। इस मामले में अदालत 2 जुलाई को सुनवाई करेगी और सीबीआई से मामले की पूरी जानकारी भी मांगी है। सीबीआई के अनुसार प्रदीप कुमार जब हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में सदस्य सचिव थे तब सरकारी धन के निवेश और बैंक खातों से जुड़े फैसलों में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
जांच एजेंसी का आरोप है कि उनके कार्यकाल के दौरान आईडीएफसी बैंक के एक खाते से 169 करोड़ रुपये का गवन किया गया। सीबीआई का यह भी कहना है कि जांच के दौरान प्रदीप कुमार अपने गुरुग्राम स्थित घर पर नहीं मिले और उनका मोबाइल फोन भी बंद था।
इस मामले में इससे पहले बोर्ड के डाटा एंट्री ऑपरेटर सौरव शर्मा को गिरफ्तार किया जा चुका है। उस पर नियमों का उल्लंघन करके प्राइवेट बैंकों में निवेश करवाने और इससे बोर्ड को 169.36 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप था।
आरोप है कि ये पैसे शेल कंपनियों (फर्जी कंपनियों) में भेजे गए थे। 70 करोड़ रुपये स्वस्तिक देश प्रोजेक्ट्स को और 53 करोड़ रुपये से ज्यादा कैपसीपी फिनटेक सर्विसेज को भेजे गए थे। इस बैंक घोटाले में आठ आईएएस अधिकारी जांच के दायरे में हैं। इनमें से दो को गिरफ्तार किया जा चुका है जबकि एक फरार है। बाकी पांच अधिकारियों पर भी गिरफ्तारी का खतरा मंडरा रहा है।