आई.ए.एस. पत्नी पर हमले के आरोप में पी.एफ. कमिश्नर गिरफ्तार

8/5/2020 11:55:25 AM

गुड़गांव : गुड़गांव स्थित पी.एफ. कार्यालय में कार्यरत रीजनल कमिश्नर राजीव नैन के खिलाफ उत्तर प्रदेश पुलिस ने बिहार कैडर की महिला आई.ए.एस. अधिकारी पत्नी पर जानलेवा हमला करने के आरोप में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उत्तरप्रदेश के मुजफ्फरनगर स्थित नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के आत्मकुंज कालोनी में पिता के घर आई बिहार कैडर की महिला आई.ए.एस. अधिकारी शैलजा शर्मा पर उनके पति राजीव नैन ने घर में घुसकर जानलेवा हमला किया था और उनका गला दबाते हुए जान से मारने का प्रयास भी आरोपी पति ने गत दिवस किया था।

बताया जाता है कि नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में वशिष्ठ अस्पताल के निदेशक डॉ.वागीश चंद्र शर्मा की बेटी शैलजा शर्मा वर्ष 2013 बैंच की आई.ए.एस. अधिकारी है। आई.ए.एस. बनने से एक वर्ष पूर्व 2012 में शैलजा की शादी दिल्ली के मुखर्जी नगर के क्लास वन ऑफिसर राजीव नैन के साथ हुई थी। वर्तमान में शैलजा शर्मा बिहार के पटना में पथ निर्माण विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर कार्यरत है।

उन्होंने अपने पति पर आरोप लगाया है कि उनके दिल्ली की एक युवती से अवैध संबंध है। उसी की वजह से उनमें तनाव चल रहा है। बताया जाता है कि गत 31 जुलाई को शैलजा शर्मा अपने पति के घर 4 वर्ष की पुत्री के साथ आई थी। राजीव नैन ने शैलजा के पिता के घर पहुंचकर अपनी आई.ए.एस. पत्नी का गला दबाकर हत्या का प्रयास किया। उसके पिता व अन्य लोगों ने किसी तरह से शैलजा को उसके चंगुल से बचाया और पुलिस में मामला दर्ज करा दिया। पी.एफ. कमिश्नर न्यायिक हिरासत में मुजफ्फरनगर जिला जेल में ही है। 

Edited By

Manisha rana