किसानों की मांगें नहीं मानी तो राज्यभर में धरने प्रदर्शन करेगी कांग्रेस: शैलजा

7/13/2021 8:11:38 AM

चंडीगढ़ : हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कु.शैलजा ने ऐलान किया है कि किसानों की मांगें जल्द नहीं मानी गई तो कांग्रेस प्रदेश भर में बड़े पैमाने पर धरने-प्रदर्शन करेगी। विरोध प्रदर्शन उपमंडल से जिला मुख्यालय स्तर पर होंगे। उन्होंने पूछा कि आखिर किसानों का कुसूर क्या है? लोकतांत्रिक तरीके से मांगों के लिए आवाज उठाने पर लाठियां बरसाई जाती हैं, वाटर कैनन का इस्तेमाल होता है, जेलों में ठूंसा जा रहा है। उन्होंने पूछा कि मुख्यमंत्री बताएं कि किसानों की समस्या प्रधानमंत्री के समक्ष कितनी बार रखी? राज्य में लोकतंत्र की सरेआम धज्जियां उड़ रही है। 

उन्होंने मांग की कि झूठे केस बना कर जिन किसानों को गिरफ्तार किया गया है, उन्हें तत्काल रिहा किया जाए और मुकद्दमे वापस लिए जाएं। शैलजा ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व राज्य के कृषि मंत्री आन्दोलनरत किसानों को किसान ही नहीं मान रहे। क्या इन नेताओं से उम्मीद की जा सकती है कि किसानों की पीड़ा, व्यथा केंद्र सरकार या पार्टी आलाकमान तक पहुंचाएंगे? उन्होंने कहा कि हिसार, सिरसा, जींद और फतेहाबाद में भाजपा नेताओं का कड़ा विरोध हुआ। वह समय जल्द आने वाला है जब सरकार की घोर कृषि विरोधी नीतियों से बदहाल किसान इनका घरों से निकलना बंद कर देंगे।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

Manisha rana