गैर-जाट सड़कों पर आए तो स्थिति होगी गम्भीर: आर्य

6/8/2017 1:16:35 PM

कुरुक्षेत्र (विनोद खुंगर):हरियाणा सर्वजन पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष, हरियाणा बीज नियम के पूर्व चेयरमैन एवं छछरौली से पूर्व विधायक रोशन लाल आर्य ने दिल्ली से यमुनानगर जाते समय कुरुक्षेत्र के सैक्टर-4 में पत्रकारवार्ता में कहा कि मुख्यमंत्री की गलत नीतियों के कारण ही जाटों के हौसले बुलंद हैं और फिर से जाटों ने आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। अगर हरियाणा में दोबारा जाट आंदोलन हुआ तो परिणाम पहले से भी गम्भीर होंगे। 

उन्होंने कहा कि सरकार से बार-बार मांग की जा रही है कि वह जाटों के साथ हुआ समझौता सार्वजनिक करे परंतु सरकार चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने कहा कि सरकार को अभी से सतर्क हो जाना चाहिए कि अब गैर जाट अधिक समय तक चुप नहीं बैठने वाले। 

अगर गैर जाट सड़कों पर आए तो स्थिति गम्भीर होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टरस्वयं ही सरकार में बैठे जाटों के बीच दबे हुए हैं। हरियाणा में तो बहुत ही विचित्र स्थिति है कि अपराध करने वालों को ही सम्मानित किया जा रहा है, जबकि उनको सजा मिलनी चाहिए। इस अवसर पर केवल राणा, मामचंद, सुंदर सिंह, बलवीर शर्मा, नसीब सिंह, संजीव कुमार व सुरजन सिंह आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।