अवैध हथियार के सप्लायर और खरीदार गिरफ्तार, इंस्टाग्राम और फेसबुक से करते थे सम्पर्क

punjabkesari.in Thursday, May 26, 2022 - 02:06 PM (IST)

बहादुरगढ(प्रवीण धनखड़): हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फ़ोर्स की बहादुरगढ यूनिट को बड़ी कामयाबी मिली है। एसटीएफ बहादुरगढ ने अवैध हथियारों के सप्लायर और खरीदारों को गिरफतार किया है। एसटीएफ बहादुरगढ की दो टीमो ने करनाल के तरावड़ी क्षेत्र और कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से 6 लोगों को गिरफतार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 8 अवैध हथियार भी पुलिस ने बरामद किए हैं। 

एसटीएफ के डीएसपी सुरेंद्र किन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि अवैध हथियार गिरोह का मास्टरमाइंड लोहारू का विकास सांगवान है।जो अपने दो साथियों विकास राजपूत और आशु उर्फ स्विगी के साथ मिलकर करनाल और कुरुक्षेत्र एरिया में अवैध हथियार बेचता था। दोनों के खिलाफ तरावड़ी और कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी एरिया थाना में एफआईआर दर्ज करवाई गई हैं। अवैध हथियारों की सप्लाई का मास्टरमाइंड विकास सांगवान करीब पांच महीने पहले की जेल से जमानत पर आया था। जमानत पर आने के बाद हिसार के विकास और आशु उर्फ स्विगी के साथ मिलकर अवैध हथियार बेचने का काम शुरू किया। स्विगी का डिलीवरी बॉय आशु अवैध हथियारों का भी डिलीवरी बॉय बन गया था। विकास सांगवान मध्यप्रदेश के मनावर से अवैध हथियार लेकर आता था। अवैध हथियारों के बेचने और खरीदने वालों से विकास का संपर्क फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिये हुआ था। शुरुवाती पूछताछ में पता चला है कि विकास 20 से 30 हजार में अवैध हथियार आगे बेच देता था। जेल से जमानत पर आने के बाद पैसे कमाने के लिए ये धंधा शुरू किया था।

मास्टरमाइंड विकास सांगवान पर लोहारू, नारनौल, हिसार और रिवाड़ी एरिया में हत्या के प्रयास, अवैध हथियार और गिरोहबंदी के मामले दर्ज हैं। एसटीएफ बहादुरगढ के इंचार्ज इंस्पेक्टर विवेक मलिक की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर अपराधियों को गिरफतार करने में सफलता हासिल की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static