विभाग की सख्ती के बाद नहीं थम रहा अवैध सिलेंडरों का कारोबार, टीम ने जब्त किए 63 सिलेंडर

12/21/2019 10:17:00 AM

फरीदाबाद (ब्यूरो) : खाद्य आपूर्ति विभाग की सख्ती के बाद भी अवैध सिलेंडरों का कारोबार नहीं थम रहा है। इससे न सिर्फ राजस्व का नुकसान हो रहा है। बल्कि खतरा भी पैदा होता है। भडाना चौक के पास प्लॉट में रखे हुए 63 सिलेंडर शुक्रवार को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने क्राइम ब्रांच की मदद से जब्त कर लिए। मौके से दो युवक पंकज व कद्दू को हिरासत में लिया गया है। इसके बाद सारन थाने में मामला दर्ज कराया गया।

खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के नियंत्रक केके गोयल ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली कि भडाना चौक के पास एक प्लॉट में 63 सिलेंडर अवैध रूप से रखे हुए हैं। इन सिलेंडरों में से छोटे गैस सिलेंडरों में गैस भरी जाती है। सूचना मिलने पर विभाग के निरीक्षक अमित कुमार अपनी टीम के साथ बडख़ल क्राइम ब्रांच के पास पहुंचे। यहां से पुलिस को साथ लेकर भडाना चौक गए, जहां सिलेंडर रखे हुए मिले। विभाग ने सभी सिलेंडर जब्त कर सारन थाने पहुंचाए। 

नियंत्रक केके गोयल ने बताया कि इससे पहले 4 नवंबर को सारन थाने के अंतर्गत पर्वतीय कॉलोनी में 15 सिलेंडर जब्त किए गए थे। ये सिलेंडर भी छोटे सिलेंडरों में गैस भरने के लिए रखे हुए थे। गोयल ने बताया कि उनकी टीम लगातार जांच कर रही है। यह गलत काम है। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। आम जनता से भी अपील की जाती है कि वह ऐसा काम न कराएं।  

बड़े से छोटे सिलेंडरों में गैस भरने का नया काम नहीं है। यह सालों से हो रहा है। बाजार में ऐसे काफी दुकानदार हैं जो इस काम को करते हैं। इसके लिए एक नोजल की जरूरत होती है। जिससे यह काम किया जाता है, पर इसमें बड़ा खतरा होता है। आबादी के बीच गैस भरते समय हादसा हो सकता है। दो महीने में सारन थाने के अंतर्गत यह दूसरा मामला है। 

Isha