बहादुरगढ़ में पटाखों के अवैध कारोबार का खुलासा, पुलिस ने दो फैक्ट्रियों व एक गोदाम पर मारा छापा; तीनों ठिकाने एक ही व्यक्ति के होने की सूचना
punjabkesari.in Tuesday, Oct 27, 2026 - 01:08 PM (IST)
बहादुरगढ़ (प्रवीण धनखड़) : दिल्ली-एनसीआर में पटाखों के निर्माण, बिक्री और भंडारण पर प्रतिबंध के बीच पुलिस ने देर रात बहादुरगढ़ के गांव सोलधा में बड़ी कार्रवाई की। सीआईए और सदर थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने दो फैक्ट्रियों और एक गोदाम पर छापेमारी कर भारी मात्रा में तैयार व अर्धनिर्मित पटाखे, बारूद और अन्य सामान बरामद किया। देर रात तक पुलिस बरामद सामान की गिनती करने और फैक्ट्री मालिक के संबंध में जानकारी जुटाने में लगी रही।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव सोलधा में अवैध रूप से पटाखे बनाने और उनका भंडारण करने का काम किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान तीनों स्थानों पर पटाखों की बड़ी संख्या में पेटियां मिलीं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इन पटाखों की दिवाली के दौरान बाजारों में सप्लाई की जानी थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने छापा मार दिया।
बताया जा रहा है कि दोनों फैक्ट्रियां और गोदाम एक ही व्यक्ति के हैं। हालांकि, यहां कब से पटाखे बनाने और भंडारण का काम चल रहा था तथा इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है। बरामद पटाखों और बारूद की वास्तविक मात्रा के संबंध में पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और नियमानुसार बहादुरगढ़ के सदर थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की गयी है।
गौरतलब है कि दीपावली के दौरान आतिशबाजी के कारण दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण बढ़ने की आशंका रहती है। इससे लोगों के स्वास्थ्य, विशेषकर सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसी के मद्देनजर अवैध रूप से पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।