पीतल नगरी की सुंदरता को ग्रहण लगा रहे अवैध होर्डिंग्स (Video)

12/13/2018 4:01:25 PM

रेवाड़ी(मोहिंद्र भारती): पीतल नगरी रेवाड़ी में अवैध होर्डिंग्स यहां की सुंदरता को ग्रहण लगा रहे है। गलियों से लेकर चौराहों तक, शहीदों के स्टेच्यू से लेकर मंदिरों तक और पेड़ों से लेकर दीवारों तक पूरा शहर अवैध होर्डिंग से अटा पड़ा है। जगह-जगह लगे ये होर्डिंग्स न केवल पीतल नगरी की सुंदरता को ग्रहण लगाने का काम कर रहे हैं, बल्कि इससे सरकार को भी प्रतिमाह लाखों के राजस्व का चूना लग रहा है। अब इसे सरकार की निष्क्रियता कहे या फिर नगर परिषद अधिकारियों की मनमानी।



सरकार की एडवर्टाइजमेंट पॉलिसी का मामला अदालत में विचाराधीन होने के चलते यहां यह कहने से भी गुरेज नहीं किया जा सकता कि अवैध होर्डिंग लगवाने की आड में नगर परिषद के अधिकारी जमकर चांदी कूट रहे हैं। यह हम नहीं कह रहे, बल्कि यह कहना है शहर के जागरूक लोगों का।



हालांकि कुछ साल पहले शहर में होडिंग लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा स्थान भी चिन्हित किए गए थे और पॉलिसी के तहत होडिंग लगाने के लिए टेंडर भी छोड़ा गया था। लेकिन किसी कारणवश ठेकेदार बीच में ही काम छोड़कर चला गया।



जिसके बाद से शहर में अवैध होर्डिंग लगाने का सिलसिला बदस्तूर जारी है। जब इसे लेकर नगर परिषद प्रशासक से बात की गई तो उन्होंने कहा कि अदालत के फैसले के बाद फिर से टेंडर छोड़ने की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। जहां तक जगह-जगह लगे अवैध होडिंग से का सवाल है तो इस पर नगर परिषद द्वारा समय-समय पर कार्रवाई की जाती रही है और इन अवैध होर्डिंग्स को हटाने के लिए आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।

Rakhi Yadav