शहर की खूबसूरती में ''चौथा चांद'' बनकर झूल रहे अवैध होर्डिंग्स, नहीं है कोई लेखा-जोखा

12/20/2021 8:14:38 PM

सोनीपत (पवन राठी): नगर परिषद से नगर निगम बना सोनीपत अभी भी अवैध होर्डिंग्स से अटा पड़ा है। शहर में दिखने वाले होर्डिंग्स की इतनी भरमार है कि इनका कोई लेखा-जोखा भी नहीं रखा गया है। शहर के खंबों, चौक-चौराहों पर लटके होर्डिंग्स के पीछे करोड़ों के खेल होने की भी आशंका जताई जा रही है, क्योंकि बिना अधिकारियों की मिलीभगत के होर्डिंग्स का यह खेल खेला जाना संभव नहीं है। हालांकि इस मामले में अब नगर निगम के अधिकारियों के द्वारा कार्रवाई का दावा किया जा रहा है।



सोनीपत नगर परिषद को भंग कर नगर निगम बनाया गया, ताकि शहर की खूबसूरती में चार चांद लगाए जा सकें, लेकिन शहर की खूबसूरती के चौथे चांद की जगह होर्डिंग्स लटके हुए हैं। ऐसा नहीं है कि अधिकारियों को इस मामले की जानकारी न हो, इसके बावजूद भी होने के बाद शहर में चारों तरफ राजनीतिक पार्टियों के होर्डिंग्स लगे हुए हैं। होर्डिंग्स के इस खेल में कांग्रेस सभी राजनीतिक पार्टियों से एक कदम आगे दिखाई दे रही है, जिसने पुलिस चौकी के ऊपर भी होर्डिंग्स लगा दिए हैं।



वहीं जब इस मुद्दे पर नगर निगम के ज्वाइंट कमिश्नर सुभाष चंद्र से बात की गई तो उन्होंने बताया कि अभी तक नगर निगम द्वारा होर्डिंग्स लगाने का कोई भी टेंडर नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि शहर में जितने भी राजनीतिक पार्टियों के होर्डिंग्स लगे हैं, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। 60-65 लोगों की एक लिस्ट भी बनाई गई है, जिन पर जुर्माना लगाने के साथ उन्हें नोटिस दिया जाएगा। निगम के  ज्वाइंट कमिश्नर ने अवैध होर्डिंग लगाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने की भी बात कही है।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Shivam