यूपी के माफिया बंदूक की नोक पर कर रहे अवैध खनन, प्रशासन सो रहा कुंभकर्णी नींद

4/26/2018 6:01:01 PM

घरौंडा(धरणी): घरौंडा-यूपी का खनन माफिया भारी भरकम मशीनों से यमुना नदी को छलनी करने में लगा है। बैखोफ माफिया हरियाणा के किसानों की दर्जनों एकड़ भूमि से रेत का अवैध खनन कर रहा है। किसानों का आरोप है की बंदूक की नोक पर खनन माफिया उनकी जमीनों से रेत निकाल रहे हैं, लेकिन शिकायत के बावजूद जिला प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। किसानों की शिकायत के बाद हुई भूमि के निशानदेही में साबित हो चुका हैं कि जिस भूमि पर अवैध खनन हो रहा है वह भूमि यूपी की नहीं बल्कि हरियाणा की है। हालांकि मामला संज्ञान में आने के बाद एसडीएम मोहम्मद इमरान रजा ने माईनिंग विभाग को तुरंत कार्रवाई करने के आदेश दिए है।

करीब आधा दर्जन से अधिक पोकलेन व जेसीबी मशीनों से दिन रात यमुना से रेत का खनन किया जा रहा है।  बैखोफ माफिया के हिमाकत इस कदर बढ़ चुकी है  कि उन्होंने उत्तर प्रदेश की सीमा को लांघते हुए हरियाणा की भूमि से खनन शुरू कर दिया है। किसान कमल, मनीष व रोशन ने बताया की बीते करीब दो महीने से उनकी जमीनों से माईनिंग की जा रही है और अब तक उनकी दर्जनों एकड़ भूमि से खनन किया जा चुका है। किसानों ने आरोप लगाया की वे खनन कर रहे लोगो को रोकने के लिए भी गए थे लेकिन उन्हें बंदूक दिखा कर भगा दिया गया।

यमुना में हो रही अवैध माईनिंग से लालुपुरा गाँव में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। खनन के कारण गहराई बढऩे से यमुना के पानी का प्रेशर हरियाणा की तरफ बढ़ेगा। किसानों के मुताबिक इस अवैध माईनिंग से एक और जहां उनके खेत बर्बाद हो गए हैं, वहीं गांव में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। किसानों ने बताया की भूमि की निशानदेही हो चुकी है, बावजूद इसके प्रशासन उनकी शिकायत पर एक्शन नहीं ले रहा।

Shivam