17 भाषाओं में 25 लोकगीतों की प्रस्तुति देकर लंदन में किया देश का नाम रोशन

6/4/2018 9:08:15 AM

गुड़गांव(ब्यूरो): भारतीय लोक संगीत की दुनिया का जाना पहचाना नाम रुनकी गोस्वामी ने एक बार फिर अपनी प्रस्तुति से शहर व देश का नाम रोशन किया है। साइबर सिटी के निरवाणा कंट्री में रहने वाली 39 वर्षीय लोक गायिका ने लंदन में भारतीय उच्चायोग के नेहरू सेंटर में 17 भाषाओं में 25 लोक गीतों की प्रस्तुति देकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। 

30 मई को भारत व ब्रिटेन के संगीतप्रेमियों से भरे हॉल में जब रुनकी ने करीब दो घंटे की प्रस्तुति समाप्त किया। लंदन में अपनी सफल प्रस्तुति के बाद रुनकी ने अपने बयानों में कहा कि जिस प्रकार से हर गीत पर लोगों की सराहना मिल रही थी, उन्हें एक क्षण के लिए भी नहीं लगा कि वे अपने देश व संस्कृति से दूर हैं। राजस्थान से लेकर दक्षिण भारतीय लोक गीतों की प्रस्तुति पर लोगों का समर्थन और उत्साह ने इस बात का एहसास करवाया कि वाकई संगीत की कोई सरहद नहीं होती।

प्रस्तुति के बाद संगीत सीख रहे ब्रिटिश स्कूल के कई छात्र उत्सुकता के साथ भारतीय लोक व पारंपरिक संगीत की बारीकियां सीखने आए और घेर कर खड़े हो गए। संगीत के साधकों का ऐसा प्यार और सम्मान मिला जैसे दिल्ली के इंडिया हैबीटेट सेंटर या इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में प्रस्तुति के बाद मिलता है। उन्होंने कहा कि संगीत सरहद और भाषाओं से परे होता है और इसे सिर्फ  महसूस किया जा सकता है। लंदन में भारतीय पारंपरिक लोकगीतों की प्रस्तुति देना मेरे लिए एक अलग अनुभव रहा।  
 

Rakhi Yadav