धान की खेती करने वाले किसानों के लिए अहम खबर, 25 जून तक पूरा कर लें ये काम; मिलेगा बड़ा फायदा

punjabkesari.in Monday, Jun 22, 2026 - 12:37 PM (IST)

गोहाना ( सुनील जिंदल ) : हरियाणा सरकार धान की सीधी बुवाई को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रति एकड़ 4,500 रुपये की प्रोत्साहन राशि दे रही है। सरकार का उद्देश्य पानी की बचत के साथ-साथ खेती की लागत को कम करना है। गोहाना में कृषि विभाग किसानों को सीधी बुवाई अपनाने के लिए लगातार जागरूक कर रहा है।

गोहाना के कृषि विभाग के एसडीओ राजेंद्र कुमार ने बताया कि हरियाणा सरकार पिछले कई वर्षों से धान की सीधी बुवाई को प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि इस तकनीक से लगभग 20 प्रतिशत पानी की बचत होती है और मजदूरी पर होने वाला खर्च भी कम हो जाता है। सरकार किसानों को प्रति एकड़ 4,500 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान कर रही है।

उन्होंने बताया कि किसानों को 25 जून तक धान की सीधी बुवाई पूरी करनी है। गोहाना क्षेत्र में इस वर्ष करीब 8,500 एकड़ भूमि में धान की सीधी बुवाई का लक्ष्य रखा गया है। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे धान की बुवाई या रोपाई के बाद अपना पंजीकरण पोर्टल पर अवश्य करवाएं ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

एसडीओ ने किसानों को सलाह दी कि धान की फसल में खरपतवार की समस्या को कम करने के लिए समय पर उचित दवा का छिड़काव करें, जिससे फसल की अच्छी बढ़वार सुनिश्चित हो सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static