भारत के निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका- बंडारू दत्तात्रेय

3/8/2022 2:57:49 PM

चंडीगढ़(धरणी): हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि नव भारत के निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। राष्ट्र निर्माण में महिलाओं का और अधिक योगदान सुनिश्चित करने के लिए केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई महिला कल्याणकारी योजनाएं बेहतर कारगर सिद्ध हो रही हैं। सरकार की इन योजनाओं से महिला सशक्तिकरण को बल मिला है। दत्तात्रेय ने मंगलवार को अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजभवन में आयोजित सादे समारोह में कार्यालय की महिला अधिकारियों/कर्मचारियों को मिठाई बांटकर शुभकामनाएं और बधाई दीं।

उन्होंने कहा कि भारतीय समाज में महिलाओं का हमेशा से ही प्रमुख स्थान रहा है। वर्तमान में महिलाएं कृषि प्रसंस्करण उद्योगों, बैंकिग सेवाओं और डिजीटलीकरण मोड की विभिन्न सेवाओं से जुड़कर सशक्तिकरण की बेहतर शुरूआत कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए शिक्षा एक महत्वपूर्ण उपकरण है। इसलिए शिक्षित महिलाएं अपने परिवार व आस-पास के क्षेत्रों में शिक्षा का प्रचार-प्रसार करें, जिससे पूरे महिला वर्ग की प्रगति का मार्ग प्रसस्त होगा।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में महिलाओं ने खेल, शिक्षा, सामरिक व सामाजिक क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है। हरियाणा की बेटी कल्पना चावला ने अंतरीक्ष में जाकर न केवल हरियाणा की महिलाओं के लिए बल्कि विश्व की महिलाओं के लिए आदर्श बनी हैं। ऐसी सफल महिलाओं को आदर्श मानकर सभी महिलाएं अपने-अपने क्षेत्रों में बेहतर करने का प्रयास करें, जिससे समाज में महिलाओं का और अधिक सम्मान बढ़ेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने देश में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिला उद्यमियों के सामने आने वाली चुनौतियों को दूर करने के लिए स्टैंड-अप  इंडिया, और स्टार्ट-अप से सम्बन्धित योजनाएं शुरू की हैं।

राज्यपाल दत्तात्रेय ने अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राज्य सरकार द्वारा सम्मानित की गई हरियाणा की सभी महिलाओं को भी हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सम्मानित होने वाली महिलाओं से प्रदेश की सभी महिलाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। उन्हें खुशी है कि सरकार द्वारा इस अवसर पर प्रदेश की तीन दर्जन महिलाओं को सम्मानित किया है। इन सभी महिलाओं ने विभिन्न क्षेत्रों में श्रेष्ठ कार्य कर अन्य महिलाओं के लिए भी उदाहरण स्थापित किए हैं।

दत्तात्रेय ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा स्पोट्र्स वूमैन, सरकारी कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ताओं, महिला उद्यमिता और श्रेष्ठ कार्य करने वाली आगंनवाड़ी महिलाओं को सम्मानित किया है। इसके लिए राज्य सरकार बधाई की पात्र हैं।

 (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

 

 

Content Writer

Vivek Rai