सैंट्रल जेल में हवालाती ने की आत्महत्या, परिजन बोले- वह अक्सर कहता था कि लड़की ने दिया धोखा

5/30/2021 8:52:30 AM

हिसार : सैन्ट्रल जेल-वन में शनिवार सुबह गांव डोभी के संदीप कुमार (25) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक का शव स्टोर में पंखे पर रस्सी के फंदे से लटकता मिला। परिजनों का कहना है वह अक्सर कहता था कि एक लड़की ने मुझे धोखा दिया है। सिविल लाइन पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मृतक के चाचा सुरेंद्र सिंह ने बताया कि संदीप पर एक लड़की के परिजनों ने अपहरण कर पीड़िता से दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने नामजद के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। उसके बाद संदीप ने घर पर आत्महत्या करने का प्रयास किया था। बाद में पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वह करीब 2 महीने से जेल में बंद था। पुलिस के अनुसार संदीप जेल के अंदर बिजली का काम करता था। जेल के सुरक्षा कर्मियों ने सुबह बंदियों को बैरक से बाहर निकाला। संदीप और 3-4 अन्य स्टोर में चले गए और वे अपने-अपने काम में लग गए। कुछ देर बाद संदीप को चाय पीने के लिए पुकारा गया। लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। दरवाजा खोलकर देखा तो उसका शव पंखे पर रस्सी के फंदे पर लटक रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में ले गई। पुलिस की जांच जारी है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

Manisha rana