एक अौर विवाहिता चढ़ी दहेज की बलि, तेल छिड़क कर जिंदा जलाया

6/15/2017 2:20:43 PM

बहादुरगढ़(प्रवीन धनखड़):सदियों से चलती आ रही दहेज की प्रथा समय के साथ-साथ विकराल रुप धारण करती जा रही है। दहेज के लोभी ससुराल वाले चंद रुपयों के लिए इंसान की जान लेने से भी नहीं डरते। एक ऐसा ही मामला गोहाना के सिकंदरपुर माजरा गांव का है, जहां दहेज के लिए एक विवाहिता को तेल छिड़क कर आग लगा दी। 

जानकारी के अनुसार मृतका 25 वर्षीय प्रमिला चरखी दादरी के मांढी हरिया गांव की रहने वाली थी। करीब 6 साल पहले उसकी शादी गोहाना के सिकंदरपुर माजरा के रहने वाले पवन नाम के युवक के साथ हुई थी। प्रमिला के भाई सुनील में बताया कि शादी के बाद से ही प्रमिला के ससुराल वाले उसे कम दहेज लाने के कारण परेशान करते रहते थे। दोनों पक्षों में सुलह करवाने के लिए कई बार पंचायतें भी हुई थी। मगर ससुराल पक्ष के लोग उसे बाद में भी प्रताड़ित करते रहे। 

उसने बताया कि 13 जून को दोपहर के बाद प्रमिला के ससुराल वालों ने उस पर तेल छिड़क कर आग लगा दी। प्रमिला के परिजनों ने उसे बहादुरगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। लेकिन वहां उसने दम तोड दिया। मृतका के भाई ने बताया कि उसकी एक बहन की शादी आरोपी पवन के बड़े भाई से कर रखी है। उनका कहना है कि ससुराल पक्ष उन पर दबाव बना रहा है। जिससे कारण उनकी दूसरी बहन की जान को भी खतरा है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। 

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के परिजनों के बयान के आधार पर ससुराल पक्ष के 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसके  साथ ही पुलिस ने बहादुरगढ़ के सामान्य अस्पाताल में शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया है।