सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के जवाब में सामाजिक संगठन उतरे मैदान में

5/19/2018 8:47:13 AM

चंडीगढ़(बंसल): प्रदेश के शहरी क्षेत्र में 9 दिन से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल तथा सफाई व्यवस्था में अवरोध उत्पन्न करने से बढ़ रहे गतिरोध से अब आमजन का सब्र छलकने लगा है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में सामाजिक-धार्मिक संगठनों ने सफाई अभियान शुरू करते हुए सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का जवाब देना शुरू कर दिया है।

कई जिलों में सामाजिक-धार्मिक संगठन एवं आर.डब्ल्यू.ए. पदाधिकारियों प्रशासन की निगरानी में सफाई अभियान चलाए जाने के दौरान हड़ताली सफाई कर्मचारियों द्वारा न केवल विरोध जताया गया अपितु उनके साथ धक्का-मुक्की करते हुए कूड़ा सड़क और गलियों में बिखेर दिया। इससे लोगों में रोष बढ़ रहा है। एक ओर नारायणगढ़ बाजार में श्रम मंत्री नायब सिंह सैनी, अम्बाला शहर में विधायक असीम गोयल ने विभिन्न एसोसिएशन के पदाधिकारियों और दुकानदारों के साथ सफाई अभियान चलाया।

वहीं पानीपत में आवाज संगठन, सोनीपत में रैस्ट हाऊस के पास, बहादुरगढ़ और झज्जर सहित कई शहरों में भी कई संगठनों द्वारा मिलकर अभियान चलाए गए। वहीं प्रशासनिक अधिकारी भी पालिका स्तर पर रात में कचरा उठान पर काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की अधिकांश मांगों पर सहमति जता दी लेकिन कर्मचारी संगठन ठेकों के तहत लगे सफाई कर्मचारियों को नियमित कराने की मांग पर अड़े हैं जो कोर्ट के आदेशों के चलते संभव नहीं है। 

सरकार के स्पष्ट निर्देश हैं कि हड़ताली कर्मचारी अपना धरना दें, प्रदर्शन करें लेकिन सामाजिक संगठनों के सफाई अभियान में कोई बाधा न डालें अन्यथा सरकार को कार्रवाई करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

Rakhi Yadav