रिजर्व बैंक के समानांतार कलर लैब में चल रही अपनी करेंसी!

11/29/2018 9:57:48 AM

हिसार(योगेंद्र): भारत देश में क्या रिजर्व बैंक  द्वारा जारी करंसी के अलावा कोई दूसरी करंसी चल सकती है, इसका जवाब सभी न में ही देंगे लेकिन हिसार में कुछ कलर लैब संचालक रिजर्व बैंक के समांतार अपनी करंसी चला रहे हैं। यह लोग 5 और 10 रुपए के नोट व सिक्कों की किल्लत की बात कहकर अपने द्वारा बनाए गए 5 व 10 रुपए के कूपनों को करंसी के समान चला रहे हैं। इन कलर लैब पर जो भी जाता है उसे जानबूझकर 5 या 10 रुपए का नोट या सिक्का देने के बजाए यह अपनी करंसी रूपी कूपन थमा दिया जाता है।

सर्वविदित है कि आम लोगों को कलर लैब पर रोज काम नहीं पड़ता और इसी का फायदा यह लोग उठा रहे हैं। 5 और 10 रुपए के नोट व सिक्के की कमी बताकर यह अपने यहां आने वाले ग्राहकों को इस राशि का कूपन थमा देते हैं। जबकि यह कूपन आम लोगों के लिए किसी काम के नहीं होते। कारण यह कूपन इन्हीं लैब और फोटो स्टूडियों पर ही चलेंगे। इस हिसाब से 5 और 10 रुपए की किल्लत बताकर लैब संचालक अपनी जेब भर रहे हैं।

 साथ ही इस प्रकार के करंसी रूपी कूपन को चलाना भी गैरकानूनी है। करंसी के नाम पर लैब द्वारा कूपन देने पर पी.एल.आई. एरिया निवासी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि कलर लैब में कभी कभार ही काम पड़ता है, तो फिर वहां से जो कूपन रूपी करंसी दी जा रही उसका वह क्या करें। यह तो रिजर्व बैंक और कानून को ही पलीता लगा रहे हैं। 


गैर कानूनी काम, करेंगे कार्रवाई : मीणा 
इस मसले पर उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने पंजाब केसरी को बताया कि इस प्रकार का मामला उनके संज्ञान में नहीं है। बावजूद यदि ऐसा हो रहा तो यह गैरकानूनी है। चैक कराकर उचित कार्रवाई करेंगे।

 

Deepak Paul