हुड्डा सरकार में खेल कोटे से नियुक्त अधिकारियों की फाइल्स तलब, खेमका ने DGP बी.एस. संधू को लिखा पत्र

4/19/2018 11:57:41 AM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): भाजपा सरकार ने पूर्व की हुड्डा सरकार के कार्यकाल के दौरान खेल कोटे से नौकरी पाने वाले अधिकारियों की फाइल्स तलब कर ली हैं, ताकि उनकी जांच की जा सके कि किस आधार पर उन्हें किस पद पर नौकरी दी गई। खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग के प्रधान सचिव अशोक खेमका ने खेल कोटे में डी.एस.पी., इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर बनाए गए खिलाडिय़ों की फाइल्स के लिए डी.जी.पी. बी.एस. संधू को पत्र लिखा है। वहीं, हरियाणा के 300 खिलाडिय़ों ने सरकारी नौकरी के लिए आवेदन किया था।

सरकार द्वारा इन सभी आवेदन पत्रों की जांच करने पर 207 सही पाए। ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में पदक जीतने वाले 22 खिलाडिय़ों के नाम भी यदि नौकरी की पात्रता सूची में जोड़ दिए जाएं तो इनकी संख्या सवा दो सौ के आसपास हो जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी हाल ही में दावा कर चुके हैं कि उनकी सरकार ने करीब 700 खिलाडिय़ों को खेल कोटे के तहत नौकरियां दी हैं। वहीं, अब खेल कोटे से बने एच.सी.एस. व एच.पी.एस. अधिकारियों को भविष्य में पदोन्नति के लिए परीक्षाएं पास करनी होंगी। 

अगर उक्त अधिकारी सरकार द्वारा निर्धारित टैस्ट पास नहीं कर पाते हैं तो उनकी पदों की स्थिति यथावत बनी रहेगी। वरिष्ठ अधिकारियों ने सरकार के समक्ष सुझाव रखे थे कि खिलाड़ी कोटे से बने अधिकारी अगर बिना प्रशासनिक व विभागीय अनुभव के एस.पी. या डी.सी. बन जाते हैं तो ठीक से प्रशासन नहीं चला पाएंगे, ऐसे में उन्हें खेल के अलावा प्रशासनिक तथा विभागीय अनुभव भी होना जरूरी है।

Deepak Paul