टॉप 20 गैंगस्टरों की सूची में था एक लाख का ईनामी बदमाश राजेश

6/10/2018 12:29:33 PM

जींद(ब्यूरो): दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा शनिवार को एनकाउंटर में एक लाख के ईनामी बदमाश जिस राजेश भारती को उसके 4 साथियों समेत मार गिराया है। पुलिस के अनुसार जींद में उसका कोई आपराधिक रिकार्ड नहीं है। राजेश भारती जींद के गांव कंडेला का रहने वाला था और लगभग 20 साल से दिल्ली क्षेत्र में ही रह रहा था। बताया जाता है कि राजेश भारती का पिता पेशे से ट्रक चालक था और उसकी लगभग 20 साल पहले हत्या कर दी गई थी। बाद में राजेश की मां की भी हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से राजेश अपने छोटे भाई के साथ बाहर चला गया। गांव के ज्यादातर लोग राजेश के बारे में कुछ नहीं जानते हैं।

हालांकि, गांव कंडेला में राजेश के परिवार के लोग अब भी रहते हैं लेकिन राजेश का यहां पर कोई आना-जाना नहीं था।  ईनामी बदमाश राजेश भारती ने गांव से जाने के बाद कभी जींद पलटकर नहीं देखा और न ही यहां किसी भी वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, राजेश टॉप 20 गैंगस्टरों की सूची में था लेकिन उसने जींद में कभी वारदात नहीं की। इसके चलते उसके खिलाफ जींद जिला के किसी भी पुलिस स्टेशन में कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। 

क्या कहते हैं कंडेला के पूर्व सरपंच 
कंडेला गांव के पूर्व सरपंच राजा राम ने बताया कि लगभग 20 साल पहले राजेश के पिता की हत्या हो गई थी। बाद में उसकी मां की भी हत्या कर दी गई थी। तभी से राजेश अपने भाई के साथ गांव से चला गया था। इसके बाद कभी वह गांव नहीं आया। गांव के लोगों को राजेश के बारे में कोई ज्यादा जानकारी नहीं है। 

Deepak Paul