प्रदेश में आए दिन 5 महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाएं : अभय चौटाला

12/25/2019 10:43:19 AM

चंडीगढ़: इनैलो नेता अभय चौटाला ने कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था को लेकर स्थिति इतनी चिंताजनक है कि आम आदमी अपने घरों में भी असुरक्षित महसूस करता है। बलात्कार, चोरी, डकैती, फिरौती आदि की घटनाएं आए दिन सुर्खियो बनती हैं।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में हर रोज 5 महिलाओं के साथ दुष्कर्म होता है और वर्ष 2019 में लगभग 1700 दुष्कर्म के मामले दर्ज हुए हैं।  अभय ने कहा कि भाजपा सरकार झूठी घोषणाओं के दम पर सत्ता में आई और जनवरी 2015 में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा देकर जनता को बेवकूफ बनाने का प्रयास किया,जबकि वास्तव में जबसे भाजपा सत्ता में आई है उसके पश्चात बलात्कार, अपहरण, गैंगरेप, दलितों के विरुद्ध अपराध व महिलाओं के विरुद्ध अपराध की घटनाएं दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही हैं।

वर्ष 2019 में गैंगरेप की 152 घटनाएं, अपहरण लगभग 3 हजार, महिलाओं के विरुद्ध अपराध  लगभग 15 हजार व दलितों के विरुद्ध अपराध की लगभग 700 घटनाएं दर्ज हुई हैं। गठबंधन की सरकार नशे के कारोबार को रोकने में पूर्णत: विफल रही है। प्रधानमंत्री ने स्वयं माना है कि प्रदेश में नशे का कारोबार दिन-ब-दिन फैलता जा रहा है।  मुख्यमंत्री नाकाम कानून व्यवस्था में धृतराष्ट्र बने बैठे हैं और कह रहे हैं कि प्रदेश में शांति है तथा ऐसी घटनाएं तो पहले भी होती रही हैं। 

Isha