गाने में ब्राह्मण समाज पर आपत्तिजनक शब्द बोलने पर गायक सहित 3 गिरफ्तार

3/2/2017 3:19:13 PM

नरवाना (राजीव):सिटी थाना पुलिस ने एक गाने के अंदर ब्राह्मण समाज पर आपत्तिजनक बोल गाए जाने के मामले में आरोपी गायक सहित 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने इस मामले में गाने के गायक कृष्ण ढुंढवा तथा लेखक प्रदीप बुरा व राजेंद्र काला को गिरफ्तार किया है। उल्लेखनीय है कि सिटी थाना पुलिस ने गत 22 फरवरी को जींद निवासी रामफूल शर्मा की शिकायत पर उपरोक्त व्यक्तियों के खिलाफ गाने के अंदर ब्राह्मण समाज पर आपत्तिजनक शब्द बोले जाने के आरोप में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। 

सिटी थाना प्रभारी इंस्पैक्टर जगबीर सिंह ने बताया कि गायक कृष्ण ढुंढवा ने नरवाना स्थित स्टूडियो में यह गाना गाया था। उन्होंने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी गायक कृष्ण ढुंढवा सहित गाने के लेखक प्रदीप बुरा व राजेंद्र काला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पकड़े गए तीनों आरोपियों को यहां अदालत में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।