इन ​5 राज्यों में चक्रवाती तूफान का खतरा, हरियाणा समेत UP में आंधी की चेतावनी

5/18/2018 2:13:25 PM

चंडीगढ़: देश के कई हिस्से में आंधी-तूफान के बीच कई तटीय राज्यों को चक्रवाती तूफान सागर को लेकर चेतावनी जारी की गई है। अदन की खाड़ी में यह चक्रवात उठा है। वहीं हरियाणा समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में  बीते दिन भी धूल भरी आंधी आई और बारिश हुई। हरियाणा में शुक्रवार सुबह से ही बारिश का मौसम बना हुई है। अगले तीन दिनों के दौरान देश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान और बारिश अाने वाली है। 

मौसम विभाग ने तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र और लक्षद्वीप में चक्रवाती तूफान 'सागर’ की चेतावनी दी है। मछुआरों को समुद्र से लौटने की सलाह दी गई है।मौसम विभाग के मुताबिक अदन की खाड़ी में समुद्री चक्रवात 'सागर' उठा है। अगले 12 घंटों में यह भारत की ओर बढ़ेगा। इससे शुक्रवार, शनिवार और रविवार को पश्चिम, दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम हिस्सों में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने कहा है कि इस पश्चिमी चक्रवात के कारण अगले तीन दिनों के दौरान देश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान और बारिश होगी। हालांकि इससे गुजरात का तटीय हिस्सा ज्यादा प्रभावित नहीं होगा। चक्रवात को देखते हुए एेहतियातन राज्य के सभी बंदरगाहों पर नंबर दो सिग्नल की चेतावनी जारी की गई है।

तूफान के कारण दो दिन में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की आशंका है। जिला प्रशासन ने तूफान की जानकारी मिलते ही तुरंत असर से दिशानिर्देश जारी कर 48 घंटों के लिए मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगाया है। इसके अलावा जिलेभर में अलर्ट घोषित कर दरिया किनारे रहने वाले लोगों को भी चेतावनी दी है।

Deepak Paul