इंडिया-भारत और हिंदुस्तान में कोई फर्क नहीं, भारत माता की जय भी हिंदुस्तान की जय है : अरोड़ा
punjabkesari.in Tuesday, Sep 12, 2023 - 08:02 PM (IST)
चंडीगढ़ (चंद्रशेखर धरणी) : देश में इंडिया और भारत को लेकर छिड़ी बहस पर पूर्व मंत्री, पूर्व विधानसभा स्पीकर एवं दिग्गज कांग्रेसी नेता अशोक अरोड़ा ने इसे सरकार की छोटी सोच करार दिया है। उन्होंने कहा ना तो इंडिया में, ना ही भारत में और ना ही हिंदुस्तान में कोई फर्क है। भारत माता की जय भी हिंदुस्तान की जय है और इंडिया की जय है। विपक्षी दलों के गठबंधन का नाम इंडिया रखने से आज मौजूद सत्ताधारी पार्टी में घबराहट है। उन्होंने कहा कि आज यह कह रहे हैं कि अंग्रेजों द्वारा इंडिया नाम रखा गया। आखिर अब से पहले तक यह क्यों सोए हुए थे। आज भी भारतीयों को बाहर विदेश में इंडियनस के नाम से जाना जाता है। दिल्ली में इंडिया गेट भी मौजूद है। बहुत सी योजनाएं इंडिया के नाम से चलाई जा रही हैं। ऐसे में भारत, इंडिया और हिंदुस्तान में ना पड़कर सरकार को जरूरी मुद्दों की ओर ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आज इस सरकार का ध्यान बढ़ती महंगाई, बढ़ती बेरोजगारी पर होना चाहिए। लेकिन यह इस पर चर्चा नहीं करना चाहते। किसान की आमदनी कैसे डबल हो, यह नहीं सोचना चाहते। कभी मंदिर-मस्जिद, कभी हिंदू-मुस्लिम के नाम पर लोगों को लड़वाते हैं। लेकिन जनता आज सब कुछ समझ चुकी है।
बाबा साहब के संविधान को मौजूदा सत्ताधारी पार्टी पहुंचा रही चोट : अरोड़ा
अशोक अरोड़ा ने कहा कि आज सभी विपक्षी राष्ट्रहित की सोच रखकर इकट्ठे हुए हैं। बाबा साहब द्वारा सोपा गया संविधान जिसमें सभी को बराबरी का अधिकार था, सभी को बोलने का अधिकार प्राप्त है, लेकिन संविधान को मौजूदा सत्ताधारी पार्टी चोट पहुंचा रही है। सरकार के खिलाफ बोलने वालों के खिलाफ ईडी, सीआईडी का प्रयोग किया जा रहा है। प्रजातंत्र को एक मजाक बना कर रखा है। राष्ट्रहित में छोटे-मोटे हित छोड़कर आज संविधान, लोकतंत्र को कमजोर करने वालों के खिलाफ विपक्षी इकट्ठे हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मजबूत विपक्ष की भूमिका में कांग्रेस पार्टी है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अगुवाई में उदयभान मौजूदा सरकार की सभी गलत नीतियों के खिलाफ विधानसभा में और बाहर लड़ाई लड़ रहे हैं। आज युवा के पास रोजगार नहीं, युवा नशे की गर्त में जा रहा है। देश से पलायन कर रहा है। एक अखबार में छपी खबर के अनुसार 2022 में एक करोड़ इनकम टैक्स असेसी घट गए यानि एक करोड़ लोगों की नौकरियां छिन गई। हर साल 2 करोड़ रोजगार देने के दावा करने के बिल्कुल उलट इन्होंने रोजगार छीने हैं। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल के दाम घटे लेकिन पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के रेट नहीं घटे। हरियाणा के हर विभाग में भ्रष्टाचार व्याप्त है। एचपीएससी-एचएसएससी दफ्तरों में पैसे पकड़े जा रहे हैं। किसान को फसल का उचित रेट नहीं मिलता। फसलों का समय पर मुआवजा नहीं मिलता। बाढ़ से खराब हुई फसलों का आज तक एक रुपया नहीं आया। इन मुद्दों पर कांग्रेस लड़ाई लड़ रही है और हरियाणा में निश्चित ही कांग्रेस की सरकार आएगी।
दोषी कांग्रेसी हो या भाजपाई, नूंह घटना निंदनीय थी, कार्रवाई होनी चाहिए : अरोड़ा
अशोक अरोड़ा ने कहा कि कुछ लोग आज छोटे से प्रदेश हरियाणा में दक्षिण हरियाणा, उतरी हरियाणा, मेवात बेल्ट, अहीर बेल्ट इत्यादि की बात करते हैं। जबकि पूरा हरियाणा एक ही है और कांग्रेस पूरे हरियाणा में मजबूत है। जीटी रोड पर मौजूद अंबाला, कुरुक्षेत्र और करनाल में हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा किए गए जनमिलन समारोह में रिकॉर्ड तोड़ भीड़ हुई, क्योंकि लोग बदलाव चाहते हैं। आज मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में जनता कह रही है कि मनोहर लाल चुनाव हार रहे हैं।
सरकार द्वारा सारा दोष मामन खान पर मंडना अपनी विफलताओं को छुपाने का प्रयास : अरोड़ा
नूंह मामले पर बोलते हुए अशोक अरोड़ा ने कहा कि मामन खान पर केवल आरोप अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए इस सरकार के प्रयास हैं। सारा दोष मामन खान पर डालना चाहते हैं। जब नूंह घटना से पहले यात्रा की परमिशन दी गई तो सुरक्षा के प्रबंध क्यों नहीं किए गए। कांग्रेसी विधायक ने डीसी, एसपी को जाकर सोशल मीडिया से दोनों तरफ की भड़काऊ बातों बारे बताया तो उसे कंट्रोल क्यों नहीं किया गया। ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटना क्यों घटना दी गई। दोषी कोई भी हो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। अरोड़ा ने कहा कि एसआईटी गठित होने पर रिपोर्ट आने से पहले ही प्रदेश के मुख्यमंत्री, गृहमंत्री द्वारा सारा दोष मामन खान पर मंड दिया गया तो फिर एसआईटी के क्या मायने रह गए। हमारी पहले दिन से मांग है कि इसकी जांच हाईकोर्ट की सेटिंग जज से होनी चाहिए चाहे दोषी कांग्रेसी हो या भाजपाई घटना निंदनीय थी और उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
कोर्ट में विचाराधीन मुद्दे पर भी हो सकती थी विधानसभा में चर्चा : अरोड़ा
अशोक अरोड़ा ने कहा कि मैं भी विधानसभा अध्यक्ष रहा और कोई ऐसा मैटर नहीं होता, जिस पर देश की संसद और विधानसभा में चर्चा ना हो सके। लेकिन नूंह मामले में सरकार चर्चा नहीं चाहती थी। इसलिए कोर्ट का मैटर बता विधानसभा स्पीकर ने उसे पर चर्चा से मना कर दिया। जबकि कोर्ट में विचाराधीन मुद्दे पर भी चर्चा हो सकती थी। स्पीकर ने सरकार के इशारे पर काम किया क्योंकि सरकार इस मुद्दे से बचना चाहती थी।
जल्द सभी सीटों में जनता से रूबरू होने की योजना होगी तैयार : अरोड़ा
अशोक अरोड़ा ने कहा कि कुमारी शैलजा और रणदीप सुरजेवाला कांग्रेस के महासचिव हैं और किरण चौधरी नेता प्रतिपक्ष रह चुकी हैं। सभी अपने स्तर पर कांग्रेस को मजबूत करने में लगे हैं। कांग्रेस एक है और सभी का उद्देश्य कांग्रेस को सत्ता में लाना है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रदेश अध्यक्ष उदयभान प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्र में जाकर कार्यकर्ताओं से मिलने और जनहित के मुद्दों को उठाने के लिए जल्द योजना तैयार कर रहे हैं। पार्टी जनता से रूबरू होगी और सरकार की गलत नीतियों से जनता को अवगत करवाएगी। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनना शत प्रतिशत तय है।
(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।)
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)