पुराने गौरव को हासिल करने की राह पर भारत: ओम प्रकाश धनखड़

1/26/2023 6:53:38 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी) : हरियाणा भाजपा अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने देश के 74 वें गणतंत्र दिवस के पावन पर्व पर रोहतक स्थित प्रदेश कार्यालय में तिरंगा फहराया और नाम-अनाम बलिदानियों व वीर शहीदों को नमन किया। धनखड़ ने गणतंत्र के पावन पर्व की देश-प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि पीएम मोदी के सशक्त नेतृत्व में भारत अपने पुराने गौरव को हासिल करने की राह पर तेजी से अग्रसर है। दुनिया के शक्तिशाली देशों के समूह जी-20 के अध्यक्ष जैसे गौरवशाली पद पर विराजमान है और बेहतर अर्थ प्रबंधन से दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। अब देश की राजधानी दिल्ली में कर्तव्य पथ पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा देखकर हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। दुनिया के अग्रणी देशों में नौकरियों में छंटनी का दौर चल रहा है जबकि भारत में युवाओं को रोजगार दिया जा रहा है। देश की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने का ऐतिहासिक कार्य हुआ है। यह बदलता हुआ और अपना पुराना गौरव हासिल करता हुआ भारत है।

 

धनखड़ ने प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ मंगलसेन की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि हर नाम-अनाम बलिदानी की गौरव गाथा का इतिहास पब्लिक डोमेन में आना चाहिए। आजादी के आंदोलन में तीन लाख 27 हजार वीरों ने आजादी के लिए बलिदान दिया। साढ़े 13 हजार वीरों को कोर्ट के माध्यम से फांसी के फंदे तक पहुंचाया गया। कांग्रेस ने आजादी के बाद देश में ऐसा माहौल बनाया गया कि केवल एक ही परिवार के लोगों का गुणगान हुआ और  बाकी बलिदानियों को भूला दिया गया। बदलते हुए भारत में ऐसा नहीं होगा। भाजपा एक-एक कार्यकर्ता आजादी के आंदोलन के दौरान शहीद हुए सभी नाम-अनाम बलिदानियों के गौरवशाली इतिहास को देशवासियों के सामने लाने में दिन-रात जुटे हुए हैं।

 

धनखड़ ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि हरियाणा सरकार ने गन्ने का भाव बढ़ाकर 372 रुपये प्रति क्विंटल किया है जो ज्यादातर गन्ना उत्पादक राज्यों से ज्यादा है। किसी एक राज्य ने एक बार पहले घोषित कर कुछ रुपये प्रति क्विंटल हमारे से ज्यादा दिया है, लेकिन उनका पिछला रिकॉर्ड देखें और आगे भी देखेंगे वे क्या भाव देते हैं। हरियाणा में मनोहर लाल सरकार किसान हितैषी सोच के साथ कार्य कर रही है। अंत्योदय की भावना से परिवार पहचान पत्र योजना के माध्यम से गरीब कल्याण के कार्य कर रही है।  उन्होंने इस वर्ष हरियाणा से पद्मश्री विजेता सुखमा आचार्य व बख्शीश यादव को भी बधाई दी।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)         

Content Writer

Gourav Chouhan