इनैलो ही लाएगी एस.वाई.एल. का पानी : अभय

5/14/2018 7:47:11 AM

रेवाड़ी(इंदौरा): विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा हरियाणा की जनता को आज सबसे ज्यादा जरूरत पानी की है और वह उसी पानी की लड़ाई लड़ रहे हैं जो हरियाणा के हक का है। सुप्रीम कोर्ट का फैसला हरियाणा के हक में आ चुका है, बावजूद इसके सरकार एस.वाई.एल. का पानी लाने के लिए प्रयास नहीं कर रही। वह आज कोसली  में एक स्कूल के उदघाटन समारोह में लोगों को संबोधित कर रहे थे। 

चौटाला ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला हरियाणा के हक में आने के बाद एस.वाई.एल. नहर का कोई मुद्दा नहीं रह गया है लेकिन भाजपा सरकार उस पर भी राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि यह हरियाणा के हक का पानी है और इनैलो ने यह ठान लिया है कि इस पानी को हरियाणा की जनता को दिलाकर रहेंगे, फिर चाहे उन्हें कितनी ही बड़ी लड़ाई क्यों न लडऩी पड़े। 

इस पानी के लिए वे पूरे प्रदेश में जेल भरो आंदोलन कर रहे हैं। 15 मई को सरकार पर दबाव बनाने के लिए नारनौल में जेल भरो आंदोलन किया जाएगा। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि जनता भाजपा सरकार की कारगुजारियों से बुरी तरह त्रस्त है और अब इससे पीछा छुड़वाना चाहती है। कारण यह है कि सरकार ने चुनाव के समय में जो वायदे किए थे, उन्हें आज तक पूरा नहीं किया। प्रदेश में कहीं कोई विकास कार्य नहीं हो रहे। बेरोजगारों के लिए न रोजगार है और न ही उनका भत्ता। किसानों का हाल तो इस से भी बुरा है।
 


 


 

Rakhi Yadav