हरियाणा सरकार की पहल: अब घर बैठे फोन पर ले सकेंगे डॉक्टर से मिलने का समय...डायल करें ये नंबर

punjabkesari.in Saturday, Mar 22, 2025 - 08:55 AM (IST)

चंडीगढ़ (बंसल) : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की लोगों को ऑनलाइन नागरिक सेवाएं उपलब्ध करवाने की प्रतिबद्धता की कड़ी में हरियाणा स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी पहल करते हुए डॉक्टर से मिलने का समय लेने के लिए टोल फ्री नंबर डायल 104 की सुविधा उपलब्ध करवाई है।

स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री आरती सिंह राव ने इस पोर्टल का शुभारंभ शुक्रवार को पंचकूला के सैक्टर-1 स्थित विश्राम गृह से किया। पत्रकारवार्ता दौरान उन्होंने बताया कि आज स्वास्थ्य विभाग के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित शिकायतों को भी इस पोर्टल पर दर्ज करवाया जा सकता है। शिकायतकर्ता से 5 दिन के अंदर-अंदर कॉल बैक की जाएगी। इस पोर्टल पर दवाइयों बारे जानकारी ली जा सकेगी। इस दौरान प्रदेश से सभी सी.एम.ओ. वी.सी. से जुड़े। उन्होंने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य नागरिक अस्पतालों में लोगों को लाइन में लगने से बचाना है। डायल 104 पर पहले से डॉक्टर से परामर्श लेने का समय लिया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

761 डॉक्टरों को नई नियुक्ति प्रदान की

एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की कमी को पूरा किया जा रहा है। अभी हाल ही में 761 डाक्टरों को नई नियुक्ति प्रदान की गई है। पहले से जारी ई-टैली मैडिसन सेवाओं को भी इसके साथ एकीकृत किया जाएगा। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि अस्पतालों के मुरम्मत का कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग के साथ शीघ्र ही बैठक करेंगे।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static