इनेलो व कांग्रेस ने हरियाणा को आगे ले जाने की बजाए पीछे धकेला: रिंकू मान

12/26/2017 5:44:04 PM

टोहाना(सुशील सिंगला): ट्रैक्टरों पर लगे टोल को हटाने का श्रेय लेने वाली इनेलो को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। भाजपा सरकार लगातर किसान हित में कार्य कर रही है जिसके कारण किसान वर्ग खुशहाल है। यह बात भाजपा जिला महामंत्री रिंकू मान ने प्रेस नोट जारी करते हुए कही। उन्होंने कहा कि इनेलो के राज में किसान वर्ग बहुत दुखी था। ट्रैक्टर पर लगे टोल को हटाने का श्रेय आज जो इनेलो ले रही है, वह सिर्फ अखबारों की सुर्खियां बटोरना चाहती है। इनेलो को किसी भी वर्ग से कोई सरोकार नहीं था, महज हरियाणा की जनता को उन्होंने वोट बैंक ही समझा है।

रिंकू मान ने कहा कि, ट्रैक्टर व्यवसायिक श्रेणी में रखने का विरोध जो जताया था, उसकी बातचीत पहले ही मुख्यमंत्री एंव कृषिमंत्री केंद्र सरकार के समक्ष रख चुके थे। केंद्र सरकार में मंत्री नितिन गडकरी ने उन्हें ट्रैक्टर पर टोल हटाने का आश्वासन दिया था। जिला महामंत्री ने कहा कि उसके बाद में इनेलो ने सांसद में ट्रैक्टर ले जाकर चोचले बाजी की थी, जिसे जनता सब जानती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में किसानों को सबसे ज्यादा मुआवजा उपलब्ध करवाया है।

उन्होंने कहा कि, इनेलो की दुकान हरियाणा में बंद हो चुकी है। आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा प्रचंड बहुमत से जीतेगी। रिंकू मान ने कहा कि इनेलो और कांग्रेस सरकार ने हरियाणा को आगे ले जाने की बजाय पीछे धकेला है। अगर उनके कार्यकाल में हरियाणा का विकास हो जाता तो जनता को इतनी परेशानियों का सामना न करना पड़ता। आज हरियाणा में भाजपा सरकार पिछली सरकारों के बोए हुए भ्रष्टाचार के बीज को उखाड़ फेंकने का कार्य कर रही है।

रिंकू मान ने कहा कि, इनेलो व कांग्रेस को हरियाणा की जनता से माफी मांगनी चाहिए क्योंकि उन्होंने हरियाणा को विकास की बजाय भ्रष्टाचार की अौर धकेला। जिला महामंत्री नेे कहा कि ट्रैक्टर को व्यवसायिक श्रेणी से बाहर करने के लिए पूरा का पूरा श्रेय मुख्यमंत्री मनोहर लाल व कृषिमंत्री ओपी धनखड़ को जाता है।