इनेलो पार्टी से तो जनता गठबंधन तोड़ चुकी है: गीता भुक्कल

2/10/2019 4:54:00 PM

झज्जर(प्रवीण धनखड़): झज्जर की विधायक एवं पूर्व मंत्री गीता भुक्कल ने इनेलो और बसपा गठबंधन के टूटने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उऩ्होंने कहा कि इनेलो से बसपा को गठबंधन तोड़ने की क्या जरूरत थी। इस पार्टी से तो जनता ने ही गठबंधन तोड़ लिया है। उन्होंने कहा कि इनेलो पार्टी को तो पहले ही जजपा झटके पे झटका दे चुकी है लेकिन अब बसपा ने भी उसका साथ छोड़कर बेसहारा कर दिया है। जिसे साफ शब्दों में कहा जा सकता है कि इनेलो पत के कगार पर है। ये सभी बातें गीता भुक्कल ने अपेन निवास स्थान से पत्रकारवार्ता के दौरान कही। 

पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने भाजपा पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सबका साथ सबका विकास का नारा देकर सत्ता में आई भाजपा झज्जर के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। अब तक भाजपा सरकार कांग्रेस सरकार के दौरान धरातल पर लाए गए विकास कार्यों का ही फीता काटने का काम कर रहे हैं। सरकार ने अबतक कोई नया काम नहीं किया है। उन्होंने कहा कि झज्जर के जेएलएन में डूबने से अबतक कितने लोगों की मौत हो चुकी है मगर सरकार ने आज तक इसको रोकने का प्रयास नहीं किया है।

वहीं गीता भुक्कल ने कहा कि बाढ़सा में एम्स पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्‌डा व सांसद दीपेंद्र के प्रयास से बना और अब खुद प्रधानमंत्री उसके  उद्धघाटन करने आ रहे हैं। ऐसे में पीएम को चाहिए की वह हरियाणा में दूसरी घोषणाओं पर भी ध्यान दें। क्योंकि झज्जर के 100 बेड के अस्पताल में जहां भाजपा सरकार घोषणा के बाद आज तक डायलसिस सेंटर नहीं दे पाई वहीं मातनहेल में कांग्रेस के राज में बने 50 बेड के अस्पताल में भाजपा सरकार डाक्टर्स की नियुक्ति तक नहीं कर पाई है। ऐसे में भाजपा की ओर से की जाने वाली विकास की बातें बेमानी लगती हैं। जिला झज्जर में सरपंच ग्रांट को तरस रहे हैं।


गीता भुक्कल ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के बदलने पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी और कहा कि इस बारे में हाई कमान को जल्द फैसला लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव आ गए है और अब तक कांग्रेस के पास ब्लाक व जिलाध्यक्ष तक नहीं हैं। जो स्थिति पिछले चुनाव के दौरान थी आज भी उसमें बदलाव नहीं आया है। एक सवाल के जवाब में गीता भुक्कल ने कहा कि राबर्ट वाडृा को प्रियंका गांधी के कारण परेशान करने का काम किया जा रहा है। भाजपा जानती है कि प्रियंका गांधी के आने से कांग्रेस मजबूत हो रही है और वह इसी डर से राजनीतिक की भावना से वाडृा व भूपेंद्र हुड्‌डा को परेशान करने का काम कर रही है। भाजपा संविधान की धज्जियां उड़ा रही है और आने वाले समय में जनता भाजपा को अच्छे से जवाब देने की तैयारी में है। केंद्र व प्रदेश में जनता के पास कांग्रेस के अलावा दूसरा विकल्प नहीं है। 

Deepak Paul