इनैलो-बसपा गठबंधन की सरकार बनने पर खिलाडिय़ों की इनामी राशि होगी दुगुनी: अभय (Video)

6/13/2018 4:50:39 PM

सिरसा(सतनाम सिंह): हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं ऐलनाबाद के विधायक अभय चौटाला ने इनैलो-बसपा गठबंधन के प्रति आम जनमानस का विश्वास मजबूत होने का दावा करते हुए कहा कि आज हर तबका भाजपा सरकार से उदासीन है। न तो लोगों को पानी मिल रहा है और न ही बिजली मिल रही है। कानून व्यवस्था की स्थिति दयनीय हो गई है। अभय ने सरकार की खेल नीति पर भी सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि यह सरकार प्रदेश के होनहार खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने की बजाय हतोत्साहित करने में लगी हुई है। इनैलो-बसपा गठबंधन की सरकार बनने पर खिलाडिय़ों को दी जाने वाली राशि दोगुनी कर दी जाएगी।

चौटाला ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल पर तीखे आरोप लगाते हुए कहा कि हरियाणा में किसी अधिकारी के रिटायर होने के बाद उस पोस्ट पर नई भर्ती प्रक्रिया अपनाने की बजाय सरकार की ओर से उसी अधिकारी को कांट्रैक्ट पर रख लिया जाता है। ऐसे में मुख्यमंत्री को भी सरकार में यह पॉलिसी अपनानी चाहिए और जब सारा काम ही अनुबंध पर करवाना है तो पांच साल मुख्यमंत्री रहने की बजाय मनोहर लाल स्वयं भी अनुबंध पर ही काम करें। यदि उनका काम ठीक नहीं है तो उन्हें हटाकर किसी और को मुख्यमंत्री बना दिया जाना चाहिए। अभय आज सिरसा में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।



इस दौरान अभय सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए हरियाणा को कर्ज के बोझ तले दबाने का जिम्मेदार बताया। अभय सिंह ने कहा कि हुड्डा आज कहते हैं कि हरियाणा पर 1 लाख 60 हजार करोड़ का कर्ज है। अभय ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि हरियाणा गठन के 1966 से 2005 तक हरियाणा पर 23 हजार करोड़ का कर्ज था। हुड्डा के मुख्यमंत्री बनने के बाद हरियाणा पर 70 हजार करोड़ का कर्ज हो गया। 

अभय ने कहा कि कर्ज लेकर हुड्डा ने हरियाणा का विकास नहीं करवाया, बल्कि अपने चहेतों की जेबें भरने का ही काम किया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आज हुड्डा कांग्रेस में न तो कांग्रेस के प्रभारी हैं, नहीं विधायक दल के नेता हैं और न ही वे हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष हैं, लेकिन इसके बावजूद भी हुड्डा यह बयान देते हैं कि सरकार में आने पर कांग्रेस पैंशन 3 हजार कर देगी।

Shivam