प्रदेश को BJP-JJP मुक्त करने के लिए अगर इनेलो को करना पड़ा गठबंधन तो कोई गुरेज नहीं : नफे सिंह राठी

3/12/2023 3:48:17 PM

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : रेवाड़ी पहुंचे इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है। यह रिपोर्ट खुद प्रधानमंत्री द्वारा गठित की गई टीम ने दी है। लोगों की आवाज को दबाया जा रहा है। अगर कोई बोलता है तो उस पर मुकदमे दर्ज कर दिए जाते हैं। वहीं विधानसभा में अभय चौटाला द्वारा बोले जाने पर उन्हें सभा से ही निलंबित कर दिया जाता है। प्रदेश में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार अपनी चरम सीमा पर है।

वहीं उन्होंने इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी द्वारा चलाई जा रही परिवर्तन पदयात्रा के बारे में बताते हुए कहा कि यह यात्रा 22 मार्च को रेवाड़ी पहुंचेगी और 27 मार्च तक रेवाड़ी जिले के अंदर ही गांव-गांव जाकर लोगों से मिलने का काम करेगी। आगामी 2024 में सरकार बनने पर लोगों की समस्याओं का समाधान करने का काम करेंगे। यह यात्रा पूरे प्रदेश में लगभग 4200 किलोमीटर चलेगी। उन्होंने कहा कि इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी की परिवर्तन पदयात्रा 22 मार्च को रेवाड़ी पहुंचेगी।  राहुल गांधी की यात्रा पर किए गए सवाल पर कहा राहुल गांधी ने भी यात्रा की और इनेलो पार्टी भी यात्रा कर रही है। इसका उद्देश्य यही है कि देश और प्रदेश को भाजपा से मुक्त किया जा सके। हरियाणा प्रदेश को भाजपा-जजपा मुक्त करने के लिए अगर इनेलो पार्टी को किसी के साथ गठबंधन भी करना पड़ा तो उससे भी कोई गुरेज नहीं है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

Content Editor

Mohammad Kumail