इनेलो, कांग्रेस ने सत्ता में रहते प्रदेश को लूटा: ग्रोवर

7/3/2018 11:16:14 AM

जींद(ब्यूरो): हरियाणा के सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने जींद में इनेलो और कांग्रेस पर राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि इन दोनों दलों ने सत्ता में रहते प्रदेश को बुरी तरह से लूटने के सिवाय और कुछ नहीं किया था। कांग्रेस आज कई गुटों में बंटकर आपस में लड़ रही है तो इनेलो अपने राजनीतिक वजूद को बचाने की लड़ाई लड़ रही है। ग्रोवर सोमवार को जींद के वीटा मिल्क प्लांट में दही बनाने के प्लांट के उद्घाटन के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में जब भूपेंद्र हुड्डा प्रदेश के सी.एम. थे, तब उन्होंने जमीन के अनेक घोटाले किए। 

सी.एल.यू. के नाम पर प्रदेश में पूरा कारोबार चलता था। सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादलों का भी कांग्रेस शासन में पूरा उद्योग था। इनैलो के शासन में प्रदेश को सरेआम लूटा गया था। जब से हरियाणा में मनोहर लाल के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी है, प्रदेश से लूट और भ्रष्टाचार को जड़ से समाप्त कर दिया गया है।  

सांसद दुष्यंत चौटाला को लिया आड़े हाथों
सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने इनेलो सांसद दुष्यंत चौटाला द्वारा मुख्यमंत्री मनोहर लाल पर प्रदेश के सरकारी विभागों को गुजरात की कम्पनियों के हवाले कर दिए जाने के आरोपों को लेकर कहा कि जब दुष्यंत चौटाला के पूर्वज प्रदेश में सत्ता पर काबिज थे, तब उन्होंने प्रदेश को दोनों हाथों से लूटने का काम किया था। जनता इसे अच्छी तरह जानती है। 

एक-दूसरे को हराने में जुटे कांग्रेसी
मनीष ग्रोवर ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस 5 गुटों में बंटी है। पूर्व सी.एम. भूपेंद्र हुड्डा, पूर्व मंत्री रणदीप सुर्जेवाला, कैप्टन अजय यादव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा. अशोक तंवर और पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा। कांग्रेस के सभी नेता एक-दूसरे को हराने के लिए जनता के बीच घूम रहे हैं। कांग्रेस के इन नेताओं की लड़ाई प्रदेश की जनता के हितों को लेकर नहीं है, बल्कि अपने खुद के वर्चस्व को लेकर है। 
 

Deepak Paul