इनेलो ने किसान नौजवान महासभा कर किया शक्ति प्रदर्शन (VIDEO)

1/7/2018 4:38:00 PM

सिरसा(सतनाम सिंह): हरियाणा के अंतिम छोर डबवाली में आज इनेलो ने किसान नौजवान महासभा कर अपना शक्ति प्रदर्शन किया। इस महसभा में खास बात ये रही की मंच पर जेबीटी शिक्षक भर्ती घोटाला में सजायाफ्ता पैरोल पर चल रहे इनेलो नेता अजय चौटाला भी पहुंचे हुए थे। इस जनसभा में पिता पुत्र (दुष्यंत और अजय चौटाला) ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। मंच से दुष्यंत ने कहा की इनेलो की सरकार बनने पर हरियाणा के मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला ही होंगे।



इनेलो सांसद दुष्यंत चौटाला ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा की भाजपा ने अपने घोषणापत्र में जो वायदे किसानों और युवाओं से किए थे वे पूरे नहीं हुए हैं। दुष्यंत ने कहा की हमारी सरकार आएगी तब सभी वायदे पूरे किए जाएंगे। उनका कहना है कि, किसानों की आवाज अगर कोई उठता है तो वो इंडियन नेशनल लोकदल है। दुष्यंत ने कार्यकर्ताओं से कहा कि, अब सब एकजुट हो जाओ और प्रदेश में इनेलो की सरकार बनाओ।



इनेलो नेता अजय चौटाला ने भी केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, ये जुमलेबाजों की सरकार है, इस सरकार से हर वर्ग आज परेशान है। अजय ने  भी कार्यकर्ताओं से एकजुट होने और इनेलो की सरकार बनाने का आह्वान किया।