इनैलो का गठबंधन भाजपा से, बसपा से केवल ठगी : हुड्डा

6/5/2018 1:42:11 PM

पानीपत(खर्ब): इनैलो बसपा से ठगी कर रही है, इनैलो का असली गठबंधन तो भाजपा के साथ है। बसपा के साथ गठबंधन का तो इनैलो दिखावा कर रही है। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने जनक्रांति रथयात्रा के दूसरे दिन शहरी व ग्रामीण हलके में ग्रामीण जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही। 

हुड्डा ने कहा कि गरीबों के प्लाट और दाल-रोटी, कर्मचारियों से नौकरी, किसान की फसल का दाम और खिलाड़ी का सम्मान सब सरकार ने छीन लिया। पूर्व सी.एम. ने कहा कि वह तो पहले दिन से कहते आ रहे हैं कि भाजपा की नीति और नीयत दोनों केवल ठगी की हैं। उन्होंने ओमप्रकाश चौटाला के बयान पर कहा कि वह कहते हैं कि वे पैरोल पर हैं इसलिए सरकार का तो विरोध नहीं करेंगे, पर हुड्डा की खिलाफत जरूर करेंगे। 

उन्हें यह समझ नहीं आया कि आखिर पैरोल की किस शर्त में ऐसा लिखा हुआ है कि विपक्षी दलों की बुराई करो और सत्ता की प्रशंसा। दरअसल यह इनैलो और भाजपा की नूरा कुश्ती है। उन्होंने एस.वाई.एल. पर इनैलो की गिरफ्तारियों पर कहा कि पहली बार ऐसा हुआ है कि लिस्ट की गिरफ्तारी होती है और लिस्ट की ही रिहाई होती है, न की लोगों की। इनैलो नेता बताएं कि 5 जगह गिरफ्तारी के बावजूद वे किस जेल में कितनी देर तक रहे।

4 साल में एक ईंट भी नहीं लगा सकी सरकार 
पानीपत के शूगर मिल पर हुड्डा ने कहा कि डाहर गांव में नया मिल लगाने का काम उन्होंने शुरू कर दिया था। इसके लिए जमीन का अधिग्रहण कर लिया गया था लेकिन मौजूदा सरकार ने वहां पत्थर तो लगा दिया लेकिन 4 साल में एक ईंट नहीं लग सकी।

Rakhi Yadav