दिग्विजय के खिलाफ मैदान में उतरेंगे अर्जुन चौटाला

12/25/2018 10:04:43 AM

चंडीगढ़(बंसल): दिग्विजय चौटाला के खिलाफ अब अभय चौटाला के पुत्र अर्जुन चौटाला खुलकर मैदान में उतरने जा रहे हैं। वह जल्द ही इनैलो छात्र विंग की कमान संभाल लेंगे। इसके लिए इनैलो प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला से मंजूरी लिए जाने की संभावना है। इनैलो की छात्र विंग का नाम क्या होगा, इस पर भी पार्टी में मंथन चल रहा है। पार्टी ने अर्जुन चौटाला को छात्रों और युवाओं के बीच जाकर नए सिरे से संगठन खड़ा करने के संकेत दे दिए हैं। अर्जुन चौटाला पिछले कई दिनों से राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं। हरियाणा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव के मद्देनजर वह युवाओं तथा छात्रों से बातचीत करने के बाद उनकी समस्याएं जानेंगे तथा उनके हित में की जाने वाली घोषणाओं को पार्टी के चुनाव घोषणा पत्र में डलवाएंगे। 

पार्टी पहले ही हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा खत्म करने का ऐलान कर चुकी है। सोमवार को चंडीगढ़ पहुंचे अर्जुन सिंह चौटाला ने जननायक जनता पार्टी के नेता दुष्यंत चौटाला पर पलटवार किया। दुष्यंत चौटाला ने अपने चाचा एवं अर्जुन के पिता अभय चौटाला को चुनौती दी थी कि वह नैना चौटाला, अनूप धानक और राजदीप फौगाट (तीनों विधायक) को पार्टी से निकालकर दिखाएं। अर्जुन चौटाला ने दुष्यंत के इस बयान पर अपनी ताई नैना चौटाला सहित तीनों विधायकों की घेराबंदी की। अर्जुन चौटाला ने कहा कि यदि तीनों विधायकों को जननायक जनता पार्टी से इतना ही लगाव है तो वह इनैलो से निकाले जाने का इंतजार क्यों कर रहे हैं। उन्हें तुरंत अपने पदों से इस्तीफे देकर जननायक जनता पार्टी का दामन थाम लेना चाहिए। उन्होंने सलाह दी कि इस्तीफों की शुरूआत ताई नैना चौटाला अपने आप से करें तो अच्छी बात है, अन्यथा इन तीनों विधायकों को 2 नावों में सवार होकर चलने का कोई हक नहीं है। अर्जुन ने कहा कि दुष्यंत चौटाला को कुछ भी समझ नहीं आ रहा। वे कन्फ्यूज हैं

एक तरफ ओम प्रकाश चौटाला को अपने घर का मुखिया मानते हैं और दूसरी तरफ उनकी विचारधारा को गलत करार देते हैं, जबकि आज दुष्यंत जो भी हैं, वह सब ओम प्रकाश चौटाला की देन है। उनके पिता अभय सिंह चौटाला ने पर्दे के पीछे रहकर ताऊ, ताई और भाई दुष्यंत को हमेशा राजनीति में आगे किया। इन लोगों ने विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि जो अपने दादा और चाचा का नहीं हो सकता, वह प्रदेश के लोगों का कैसे हो सकता है।
 

Deepak Paul