SYL मुद्दा: 7 सितंबर के बाद आंदोलन का ऐलान करेगी ''इनेलो''

8/14/2017 1:00:22 PM

कैथल(जोगिंदर कुंडू):एस.वाई.एल. का जल हरियाणा का सुनहरा कल है। एस.वाई.एल.  का पानी हरियाणा की धरती को नहीं मिला तो प्रदेश की धरती बंजर हो जाएगी। जननायक चौधरी देवीलाल की अथाह कोशिशों से एस.वाई.एल. अस्तित्व में आई थी और आज भी उनके द्वारा स्थापित की गई पार्टी इनेलो इसके लिए लगातार संघर्षरत है। यह बात नेता विपक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने पूंडरी हलके के गांव भाणा, हाबड़ी व पबनावा में ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए कही। वे जनजागरण अभियान के तहत हलके के ग्रामीणों से रू-ब-रू हुए। इस मौके पर पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा व पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रामपाल माजरा विशेष तौर पर मौजूद थे। 

इनेलो नेता ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भी सरकार एस.वाई.एल. के मामले को बेवजह लम्बा खींच रही है। आगामी 7 सितम्बर सुप्रीम कोर्ट में एस.वाई.एल. को लेकर पेशी है। अगर 7 सितम्बर तक भाजपा सरकार ने नहर बनवानी प्रारंभ नहीं की तो चौ. देवीलाल के जन्म दिवस पर इनेलो इसके लिए आर-पार की लड़ाई की घोषणा करते हुए एक बड़े संघर्ष का ऐलान करेगी। जिससे आगे मजबूर होकर केंद्र सरकार को नहर बनानी पड़ेगी और प्रदेश के किसानों को उनके हक का पानी मिलेगा। उन्होंने कार्यकर्त्ताओं से आह्वान किया कि वे ज्यादा से ज्यादा लोगों से व्यक्तिगत रूप से सम्पर्क करके उनको पार्टी का सदस्य बनाएं ताकि संघर्ष को और बल मिल सके। अगर प्रदेश के लोग संगठनिक रूप से मजबूत होंगे तो कोई भी ताकत उन्हें उनके हक से वंचित नहीं रख सकती। 

उन्होंने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा अपने चुनावी वायदों को तो पहले ही भुला चुकी है परंतु अब तो बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के नारे को भी कलंकित कर दिया है। उन्होंने नारा तो बेटी बचाओ का दिया परंतु अब वे बेटी उठाओ और बेटा बचाओ में लगे हैं। जिसका ताजा उदाहरण प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बराला के बेटे का कुकृत्य है। पूरी भाजपा दोषियों को बचाने में लगी है। नेता विपक्ष ने भूपेंद्र हुड्डा की किसान पंचायत पर तंज कसते हुए इसे एक ढकोसला बताया। उन्होंने कहा कि अगर हुड्डा किसान हितैषी होते तो 2014 के चुनावों में उनकी इतनी दुर्गति न होती। हुड्डा पिता-पुत्र तो आज पार्टी में अपनी जगह बनाने की लड़ाई लड़ रहे हैं।