इनेलो का जल संग्राम आज, सीमा पर हाई अलर्ट(Pics)

2/23/2017 12:31:38 PM

अंबाला:इनेलो द्वारा आज पंजाब के घग्गर सराय में एसवाईएल की खुदाई की घोषणा के मद्देनजर हरियाणा-पंजाब बॉर्डर पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला व प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने स्पष्ट किया कि पार्टी कार्यकर्त्ता गुरुवार को बड़ी संख्या में अम्बाला सिटी नई सब्जी मंडी में एकत्रित होंगे। जहां से वे ट्रैक्टर-ट्रालियों में पंजाब की तरफ कूच करेंगे। रैली स्थल से पंजाब बॉर्डर की दूरी डेढ़ किलोमीटर है, इसमें हरियाणा पुलिस के 900 जवान तैनात रहेंगे और 120 छोटे-बड़े बैरियर लगाए गए हैं। वहीं पंजाब पुलिस ने बॉर्डर पर सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। दस-दस फुट ऊंचे बैरिकेड्स खड़े कर दिए हैं। पंजाब की ओर करीब 5 हजार जवान तैनात हैं। ड्रोन से भी निगरानी होगी। इन्हें ट्रालियों से वेल्डिंग करवाकर खड़ा किया गया है। इसके बाद घग्गर पुल पर दोनों तरफ बड़े-बड़े बेरिकेड्स लगाए हैं, ताकि जोर जबरदस्ती के दौरान कोई पुल से नीचे न गिर पाए। एसवाईएल के पूरे घटनाक्रम पर पंजाब पुलिस हेलिकॉप्टर से नजर रख रहे हैं। सुरक्षा के चलते हरियाणा पुलिस ने पंजाब बॉर्डर पर अलर्ट घोषित कर दिया है। हरियाणा-पंजाब बॉर्डर सील कर दिया गया है। वहीं अंबाला से राजपुरा नेशनल हाईवे बंद कर दिया गया है। 
 

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश के आला अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति का जायजा लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी हालत में कानून व्यवस्था बिगड़नी नहीं चाहिए। राज्य के गृह सचिव व पुलिस महानिदेशक जिलाधिकारियों से पल-पल की जानकारी जुटा रहे हैं। अधिकारियों की मानें तो पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद हैं और किसी को कानून की हद से बाहर नहीं जाने दिया जाएगा। पंजाब पुलिस के प्रबंधों को देखते हुए ही हरियाणा पुलिस अपनी रणनीति बना रही है। पुलिस महानिदेशक ने अम्बाला पुलिस आयुक्त को निर्देश दिए हैं कि आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए अम्बाला में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था प्रबंध किए जा रहे हैं। 
 

इनैलो के नहर खुदाई आह्वान को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक तथा अम्बाला रेंज के आई.जी. आर.सी. मिश्रा को इंचार्ज नियुक्त किया है। इसके अलावा 4 एस.पी. स्तर के अधिकारी, 10 डी.एस.पी. कानून व्यवस्था बनाए रखने का जिम्मा संभालेंगे। हरियाणा पुलिस की 5 कंपनियां अम्बाला पहुंच चुकी हैं। पुलिस अधिकारियों का यह भी कहना है कि शांतिपूर्वक किए गए प्रदर्शन को तो वे नहीं रोक सकते हैं, लेकिन कानून से खिलवाड़ किसी व्यक्ति को नहीं करने दिया जाएगा।
 
ए.डी.जी.पी. मो. अकील ने कहा कि एस.वाई.एल. खुदाई आह्वान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने पूरे प्रबंध किए है। किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं होगी। पंजाब पुलिस के अधिकारी लगातार हमारे संपर्क में है। बॉर्डर एरिया में अलर्ट घोषित कर दिया गया है। ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी रूटों को बदला गया है।