पंचायत चुनाव: रानियां हलके में सेंध लगाने की तैयारी, INLD के युवा नेता कर्ण चौटाला ने दाखिल किया नामांकन

10/22/2022 3:46:48 PM

सिरसा(सतनाम): सिरसा में जिला परिषद का चुनाव एक बार फिर से रोमांचक होने वाला है। इनेलो ने अब हरियाणा के कैबिनेट मंत्री चौधरी रणजीत सिंह चौटाला के रानियां हलके में सेंध लगाने के लिए इनेलो विधायक अभय चौटाला ने अपने बड़े बेटे कर्ण चौटाला को चुनावी मैदान में उतारा है। कर्ण चौटाला ने आज इनेलो नेताओं के साथ नॉमिनेशन भी भर दिया है। कर्ण चौटाला रानियां विधानसभा क्षेत्र में वार्ड नंबर 6 से ज़िला परिषद चुनाव लड़ेंगे।वहीं अपने हलके में इनेलो की सेंधमारी को रोकने के लिए कैबिनेट मंत्री चौधरी रणजीत सिंह चौटाला ने भी अपने बेटे चौधरी गगनदीप सिंह चौटाला को चुनावी मैदान में उतार दिया है।

गगनदीप सिंह चौटाला भी रानियां के वार्ड नंबर 6 से ही ज़िला परिषद का चुनाव लड़ेंगे। ऐसे में एक बार फिर चौटाला परिवार के चाचा - भतीजा चुनावी मैदान में आमने सामने होंगे। दोनों के चुनावी मैदान में उतरने से जहां एक और सिरसा जिला परिषद का चुनाव एक बार फिर से दिलचस्प हो जाएगा वही दोनों परिवार की सांख भी दांव पर लगी हुई है। हालाँकि गगनदीप दिवाली के बाद ही नॉमिनेशन भरेंगे। कर्ण चौटाला इससे पहले भी जिला परिषद का चुनाव लड़ चुके है और पहले ही चुनाव में कर्ण चौटाला ने जीत हासिल की थी।  ऐसा नहीं है कि चौटाला परिवार के लोग इससे पहले भी एक दूसरे के खिलाफ चुनाव न लडे हो।

इससे पहले भी पिछली बार जिला परिषद के चुनाव में डबवाली से अभय चौटाला की पत्नी कांता चौटाला और आदित्य चौटाला भी एक दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ चुके है। कांता चौटाला और आदित्य चौटाला आपस में भाभी देवर है। कांता चौटाला ने जिला परिषद का चुनाव इनेलो की टिकट पर लड़ा था और आदित्य चौटाला ने भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ा था। आदित्य चौटाला ने अपने पहले ही चुनाव में अपने भाभी कांता को चुनाव हराकर जिला परिषद की सदस्य्ता हासिल की थी। 

 

 

Content Writer

Isha