मासूम ने रोते हुए टीचर से कहा- ''मैडम, पापा गलत हरकत करते हैं, मुझे बचा लो''... हैरान कर देगा मामला
punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 10:44 AM (IST)
फतेहाबाद: महिला थाना पुलिस ने नाबालिग बच्ची के साथ अश्लील हरकत करने के गंभीर मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। 9 वर्षीय बच्ची ने स्कूल में अपनी शिक्षिका को बताया कि मैडम, मेरे पापा गलत हरकत करते हैं, मुझे बचा लो। इसके बाद मामले की सूचना बाल कल्याण समिति और जिला शिक्षा अधिकारी को दी गई।
महिला थाना प्रभारी निरीक्षक अरुणा ने बताया कि बाल कल्याण समिति फतेहाबाद की ओर से मिली शिकायत एवं जिला शिक्षा अधिकारी फतेहाबाद द्वारा भेजी सूचना के आधार पर आरोपी के खिलाफ 7 मई को प्राथमिकी दर्ज की गई। शिकायत में बताया कि एक प्राइमरी स्कूल में पढ़ने वाली बच्ची ने अपनी शिक्षिका को बताया कि उसके पिता उसके साथ गलत हरकतें करते हैं। इसके बाद बाल कल्याण समिति द्वारा बच्ची की काउंसिलिंग करवाई गई जिसमें बच्ची के साथ गलत हरकतें होने की पुष्टि पाई गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जिला बाल संरक्षण अधिकारी शिवकुमार ने बताया कि बच्ची की देखरेख व आगे की पढ़ाई के लिए पंचकूला के बाल देखरेख गृह में भेजा जाएगा। बच्ची को संभालने वाला कोई नहीं है। दादा बीमार रहते है। बच्ची के भविष्य को देखते हुए देखरेख के लिए पंचकूला भेजा जाएगा।