केएमपी पर इनोवा चालक बना बदमाशों का शिकार, 70 हजार लूटे...विरोध पर बदमाशों ने चाकुओं से किए ताबड़तोड़ वार
punjabkesari.in Friday, May 22, 2026 - 11:13 AM (IST)
बहादुरगढ़ : हरियाणा के बहादुरगढ़ से लूट और जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक इनोवा चालक से बदमाशों ने कैश लूट लिया और वहीं जब विरोध किया तो उस पर चाकुओं से हमला कर गंभीर रुप से घायल कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर असौदा टोल प्लाजा के पास की है। पीड़ित की पहचान राजस्थान के जिला अलवर में भिवाड़ी के स्काई व्यू अपार्टमेंट का निवासी सुमित गुप्ता के रुप में हुई है। बताया जा रहा कि पीड़ित इनोवा गाड़ी से नरवाना से भिवाड़ी लौट रहा था।
रात करीब साढ़े नौ बजे जब वह रोहतक से आगे आसौदा केएमपी टोल प्लाजा के पास पहुंचा, तभी तीन नकाबपोश अज्ञात युवकों ने गाड़ी रुकवा ली। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर 70 हजार रुपये की नकदी लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने उस पर चाकुओं से हमला कर दिया, जिसके बाद वह घायल होकर बेहोश हो कर जमीन पर गिर गया।
कुछ समय बाद एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। बाद में सोनीपत पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर बयान दर्ज किए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई।