SYL पर इनेलो कर रही है नौटंकी:बराला

7/9/2017 7:46:29 AM

हिसार:भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष और टोहाना से विधायक सुभाष बराला ने इंडियन नेशनल लोकदल(इनेलो) पर निशाना साधते हुए उस पर सतलुज यमुना लिंक (एस.वाई.एल.) नहर मामले में नौटंकी और राजनीति करने का आरोप लगाया है। बराला ने आज यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राज्य की मौजूदा भाजपा सरकार के उच्चतम न्यायालय में एस.वाई.एल. नहर मामले में मजबूती से पैरवी करने के चलते उन्हें पूरा भरोसा है कि अदालत का अंतिम फैसला राज्य के ही हक में आएगा और राज्य और उसके किसानों को रावी व्यास नदियों में उनके हिस्से का पानी मिलेगा। 

उन्होंने कहा कि संवैधानिक प्रावधानों के तहत उच्चतम न्यायालय का फैसला मानने के लिये सभी संबंधित पक्ष बाध्य होंगे तथा इसमें असहमति की कोई गुंजाईश नहीं होगी। विपक्षी दल इनेलो के 10 जुलाई को हरियाणा मेंं पंजाब के वाहनों का प्रवेश रोकने के ऐलान को लेकर भाजपा नेता नेे कहा कि एसवाईएल नहर को लेकर फैसला उच्चतम न्यायालय को करना है तथा इसमें पंजाब की कोई भूमिका नहीं है। 

उन्होंने कहा कि ऐसे में पंजाब से आने वाले वाहनों को रोकने से सामाजिक सौहार्द और सछ्वाव खराब होगा तथा इनेलो इस मामले में केवल नौटंकी कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब की कांग्रेस सरकार ने जब एस.वाई.एल. नहर का निर्माण रोकने के लिए अंतरराज्यीय जल समझौता रद्द किया था तो उस समय हरियाणा में उसकी भाजपा के साथ गठबंधन में सरकार थी, लेकिन भाजपा विधायकों ने तो पंजाब के इस फैसले के विरोध में तथा हरियाणा के हितों को देखते हुए अपने इस्तीफे दे दिए थे, लेकिन इनेलो इस पर मूकदर्शक बनी रही थी।