लिफ्ट लेने के बहाने छीनी इनोवा, पकड़े जाने के डर से 1 बदमाश ने खुद को मारी गोली

2/16/2018 10:47:53 AM

गोहाना(सुनील जिंदल): पुलिस से घिरने के बाद इनोवा गाड़ी छीनने वाले 2 आरोपियों में से एक ने खुद को गोली मार कर जान दे दी। जबकि दूसरे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मृतक भिवानी जिले का है। यह मामला बीते दिन देर रात का है। 

जानकारी के अनुसार 2 व्यक्तियों ने राकसहेड़ा गांव के सुरेन्द्र से गन्नौर के निकट उसकी इनोवा गाड़ी में लिफ्ट ली। रास्ते में दोनों आरोपियों ने सुरेन्द्र को गाड़ी से नीचे गिरा दिया तथा इनोवा लेकर फरार हो गए। ज्ञात हुआ है कि सुरेन्द्र की सूचना पर पुलिस ने आरोपियों का पीछा किया। पुलिस इनोवा छीनने वाले दोनों आरोपियों को गोहाना के क्षेत्र में शामड़ी और चिड़ाना गांवों के बीच घेरने में सफल हो गई।

इस पर आरोपी गाड़ी को छोड़ कर खेतों में घुस गए। पुलिस से घिरने के बाद एक आरोपी ने स्वयं को गोली मार ली जिसकी मौके पर मौत हो गई। दूसरे आरोपी ने खुद को पुलिस को सौंप दिया। मृतक का नाम आशीष बताया गया है। जीवित दबोच लिए गए आरोपी का नाम सोनू है और वह जींद जिले के करसौला गांव का बताया गया है। पुलिस मामले की जांच है।