इनैलो आज रोकेगी पंजाब के वाहनों का रास्ता, पुलिस अलर्ट

7/10/2017 7:59:08 AM

चंडीगढ़ (बंसल/ पांडेय):एस.वाई.एल. मुद्दे पर इनैलो ने आज होने वाले रास्ता रोको आंदोलन की तैयारी पूरी कर ली है। सुबह 9 से 3 बजे तक इनैलो कार्यकर्ता हरियाणा-पंजाब बॉर्डर पर पंजाब के वाहनों को रोककर लोगों को फूल भेंट कर उन्हें हरियाणा के हिस्से का पानी देने की याद दिलाएंगे। उधर, बॉर्डर पर हरियाणा और पंजाब पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। रविवार शाम को हरियाणा के डी.जी.पी. बी.एस. संधू ने अम्बाला में पंजाब बॉर्डर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिसकर्मियों को अलर्ट पर रख कर सख्त निर्देश दिए। रविवार से ही बॉर्डर पर हरियाणा पुलिस के साथ-साथ आर.ए.एफ. की टीमें तैनात कर दी गई हैं। 

रास्ता रोको आंदोलन की तैयारी पूरी:अभय
इनैलो नेता अभय सिंह चौटाला ने कहा कि पंजाब से हरियाणा में आने वाले सभी वाहनों को रोकने संबंधी कार्यक्रम की पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि अम्बाला, जींद, फतेहाबाद और सिरसा के जिलाधीशों को पत्र लिखकर यह सूचित किया जा चुका है कि कल सुबह 9 से लेकर दोपहर 3 बजे तक पंजाब से आने वाले सभी वाहनों को पंजाब-हरियाणा सीमा पर रोका जाएगा इसलिए वे सुरक्षा, एम्बुलैंस और फायर ब्रिगेड इत्यादि के आवश्यक प्रबंध कर लें। उनसे यह भी निवेदन किया गया है कि वे आवश्यक कदम उठाएं ताकि कल के विरोध के दौरान कोई असामाजिक तत्व मौके का फायदा उठाकर कोई शरारत न करे। इनैलो नेता चौटाला ने फिर दोहराया कि वह प्रदर्शन स्थलों का हैलीकॉप्टर से दौरा करेंगे। 

12 घंटे के लिए प्राइवेट व सरकारी बसों का हरियाणा रूट बंद
जालंधर (पुनीत): एस.वाई.एल. (सतलुज यमुना लिंक) नहर के मुद्दे को लेकर इनैलो द्वारा 10 जुलाई को होने वाले किए जा रहे प्रदर्शन को मद्देनजर रखते हुए पंजाब रोडवेज, पनबस सहित प्राइवेट बसों के रूट 12 घंटे के लिए स्थगित कर दिए गए हैं ताकि किसी भी तनावपूर्ण स्थिति से बचा जा सके। शम्भू बार्डर से होकर दिल्ली व अन्य राज्यों को जाने वाले रूट इस दिन सुबह 5 से शाम 5 बजे तक बंद रहेंगे। इनैलो की प्रदर्शन की घोषमा को मद्देनजर रखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर उक्त आर्डर पंजाब के सभी डिपुओं के जी.एम. द्वारा किए गए हैं। इस संबंध में हरियाणा रोडवेज की बसों के पंजाब जाने वाले रूट भी स्थगित कर दिए गए हैं।