पार्टी में शराब पीकर हो गए बेसुध, अगले दिन ड्यूटी पर नहीं लौटे रोडवेज कर्मी

4/4/2021 1:28:17 PM

जींद : रोडवेज जींद डिपो के एक ड्राइवर की रिटायरमैंट पार्टी में गए 3 कंडक्टर-ड्राइवर अगले दिन तय ड्यूटी समय तक भी नहीं पहुंचे। इसका असर ये हुआ कि जींद से चंडीगढ़ जाने वाली रोडवेज सेवा भी प्रभावित हो गई और इन कंडक्टर-ड्राइवरों की जगह दूसरे कर्मचारियों को भेजना पड़ा। जिससे रोडवेज व्यवस्था भी बिगड़ गई। यह मामला जब जी.एम. के संज्ञान में आया तो उन्होंने तुरंत जांच करने के आदेश जारी कर दिए।

हुआ यूं कि 31 मार्च को रोडवेज डिपो जींद के ड्राइवर की रिटायरमैंट पार्टी थी। यह रिटायरमैंट पार्टी उसके गांव कंडेला थी। इस पार्टी में उन्होंने डिपो के कई कर्मचारियों को बुलाया हुआ था। जिनमें कंडक्टर संजय तथा पेयर के तौर पर रखे कंडक्टर-ड्राइवर भीम और सोनू भी थे। 31 मार्च की शाम होते ही तीनों रिटायरमैंट पार्टी में पहुंच गए। जहां तीनों ने जमकर शराब का सेवन किया। जिसके बाद तीनों बेसुध हो गए और वहीं सो गए। जबकि डी.आई. कार्यालय के कर्मचारियों ने अगले दिन तीनों की ड्यूटी लगाई हुई थी। सुबह 7 बजकर 50 मिनट पर चंडीगढ़ जाने वाली बस बूथ पर लगा दी गई, लेकिन उसका कंडक्टर ड्यूटी पर ही नहीं पहुंचा। इसके अलावा कंडक्टर का कोई अता-पता भी नहीं था। चंडीगढ़ जाने वाली बस का समय हो गया। जब कंडक्टर नहीं आया तो डी.आई. कार्यालय और बस स्टैंड के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में दूसरे कंडक्टर को बुलाया गया और फिर चंडीगढ़ जाने वाली बस को रवाना किया गया।

मामले की करवाएंगे जांच : जी.एम.
जी.एम. बिजेंद्र सिंह ने कहा कि किसी कर्मचारी की रिटायरमैंट पार्टी में जाकर कंडक्टर-ड्राइवरों का अगले दिन ड्यूटी पर नहीं लौटने का मामला उनके संज्ञान में आया है। इसको लेकर वह मामले की जांच करवाएंगे।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana