जींद 'निर्भया' कांड: इनसो ने फूंका CM खट्टर का पुतला, घटना को बताया शर्मनाक(video)

1/15/2018 6:27:09 PM

कुरुक्षेत्र(रणदीप रोर): एक तरफ सरकार 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' का नारा लगाती है, वहीं दूसरी तरफ सब कुछ इसके बिल्कुल उलट हो रहा है। कुरुक्षेत्र के झांसा गांव की एक लड़की के साथ जींद के बुडाखेडा में हुई गैंगरेप के बाद हत्या के मामले में इनसो  ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। लगातार हो रही रेप की घटनाओं से गुस्साए लोगों ने मुख्यमंत्री का पुतला भी फूंका अौर इसके लिए सरकार को सीधे सीधे दोषी ठहराया। इस मामले पर दुख जताते हुए इनसो केे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जसविंदर खैरा ने इस कांड को शर्मनाक बताया है।

इस मामले में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय महिला अध्ययन शोध केंद्र की निदेशक रंजना अग्रवाल ने कहा कि नारी का सम्मान बेहद जरुरी है। इस बारे में बात करते हुए जसविंदर खैरा ने कहा कि हरियाणा में राष्ट्रपति शासन लगाया जाना चाहिए। जब दोषियों को फांसी की सजा होगी। तभी जाकर दरिंदगी व शर्मनाक घटना का शिकार हुई पीड़िता को न्याय मिलेगा। 

पुलिस पर सवाल खड़े करते हुए इनसो नेत्री अंजू ने कहा कि महत्वपूर्ण व्यक्तियों की सुरक्षा में पुलिस आगे पीछे घूमती रहती है। वहीं जब किसी की बेटी खो जाती है तो उसे ढूंढने में फोर्स नहीं लगाई जाती। अगर समय रहते ऐसा किया जाता तो शायद आज यह दिन नहीं देखना पड़ता। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिवेश में यह जरूरी है कि इस तरह की घटनाओं को कैसे रोका जाए। यह प्रशासन के साथ-साथ सामाजिक व पारिवारिक चिंतन का भी विषय है।

महिलाओं की सुरक्षा के विषय में उन्होंने कहा कि आज समाज में हो रही क्रुरता को देखते हुए बच्चों में ऐसे संस्कार डाले जाने चाहिए। जिसकी मदद से वो खुद को बचाने में कामयाब हो सकें। साथ ही स्कूलों में नैतिक शिक्षा के अलावा कॉलेज में ओरिएंटेशन कोर्स के साथ-साथ पुरुष समाज की काउंसलिंग बेहद जरूरी है। लोगों की मानसिकता को बदलने के लिए हमे आंदोलन चलाना होगा। ताकि आने वाले समय में हम अपने बच्चों की सुरक्षा निश्चित कर सकें।