''क्राइम पेट्रोल'' देख बच्चे ने रचा खुद के किडनैपिंग का ड्रामा, दोस्त की इस गलती से खुल गया सारा राज
punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 09:06 AM (IST)
यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर जिले के अंतर्गत आते सदर जगाधरी क्षेत्र के एक गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक 11 वर्षीय बच्चे ने अपने जन्मदिन पर मनपसंद उपहार न मिलने से नाराज होकर खुद के ही अपहरण (Kidnapping) की झूठी कहानी रच डाली। इस पूरी साजिश में उसका साथ उसके 12 साल के एक दोस्त ने दिया। हालांकि, पुलिस की सूझबूझ और पूछताछ के आगे बच्चे का यह ड्रामा ज्यादा देर नहीं टिक सका।
जांच अधिकारी आनंद प्रकाश ने बताया कि बच्चे का जन्मदिन 17 मई को था। वह कई दिनों से अपने माता-पिता से उपहार में पियानो दिलाने की जिद कर रहा था। लेकिन आर्थिक असमर्थता के कारण माता-पिता ने इतना महंगा वाद्य यंत्र दिलाने से मना कर दिया।इसी बात से नाराज होकर बच्चे ने अपने माता-पिता को डराने और पियानो हासिल करने के लिए खुद के अपहरण की साजिश रची। पूछताछ में बच्चे ने कुबूल किया कि यह आइडिया उसने एक टीवी क्राइम सीरियल को देखकर लिया था।
योजना के मुताबिक, रविवार (17 मई) की रात करीब आठ बजे बच्चा गली में टहलने के बहाने निकला और लापता हो गया।बच्चे ने गांव के ही अपने 12 साल के दोस्त को पैसों का लालच देकर बुलाया और कहा कि वह उसके हाथ-पांव रस्सी से बांधकर उसे सड़क किनारे छोड़ दे। दोस्त ने उसकी बात तो मानी, लेकिन डर के मारे रस्सी बहुत ढीली बांधी।जब बच्चे के पिता ने पुलिस को बेटे के गायब होने की सूचना दी, तो पुलिस ने तुरंत तलाश शुरू की। थोड़ी देर बाद बच्चा गांव के बाहर सड़क किनारे बंधा हुआ मिला।
जब बच्चा सड़क किनारे पड़ा था, तभी वहां से गुजर रहा एक बाइक सवार युवक उसे देख कर रुक गया। इतने में गांव के अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। ग्रामीणों ने उस बाइक सवार को ही 'बदमाश' समझ लिया और उसकी जमकर धुनाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।थाने पहुंचने पर बच्चे ने पुलिस को गुमराह करने के लिए कहानी गढ़ी कि बाइक सवार दो युवक उसका अपहरण कर फिरौती मांगना चाहते थे। लेकिन जब पुलिस ने युवकों का हुलिया पूछा और शोर न मचाने का कारण पूछा, तो बच्चा कोई जवाब नहीं दे पाया और फूट-फूट कर रोने लगा। जिसके बाद उसने सच उगल दिया। सोमवार को बच्चे के बयान किशोर न्याय बोर्ड के सामने दर्ज कराए गए और बाल कल्याण समिति द्वारा उसकी काउंसलिंग की गई।