शुगर मिल के इंस्पेक्टर की रोचक रिटायरमेंट, किसानों ने दिए ये बड़े तोहफे(VIDEO)

2/3/2020 12:35:02 PM

राई: सोनीपत शुगर मिल के इंस्पेक्टर महाबीर सिंह आंतिल की रोचक रिटायरमेंट चर्चा में है। बड़ौली गांव के महाबीर सिंह आंतिल के रिटायरमेंट पर क्षेत्र के किसानों ने उन्हें 15 लाख की क्रेटा कार, ढाई लाख की बुलेट, 10 लाख की माला व हुक्का भेंटकर विदा किया।खास बात ये है कि राई के विधायक मोहनलाल बड़ौली ने उन्हें अपनी कार से घर तक पहुंचाया। महाबीर ने 35 साल की सर्विस पूरी की। वो मिल में सुपरवाइजर नियुक्त हुए थे। अच्छे व्यवहार के चलते उनकी रिटायरमेंट करीब 500 किसानों ने यादगार बना दी।

किसानों की मदद के चलते दो बार सस्पेेंड हुआ, पर निकला बेेदाग : महाबीर आंतिल
यह सब किसान भाइयों का आशीर्वाद है। मैंने सरकारी नौकरी में कभी समय की परवाह नहीं की। मैंने किसान भाइयों से यह सब लेने से साफ इंकार कर दिया था, पर वे नहीं माने और ऐसे समय यह भेंट दी जब आसपास के गांवों के पांच सौ से ज्यादा किसान व अधिकारी मौजूद थे। मैंने तो उस समय भी इंकार किया, किसानों ने कहा कि यह सामाजिक भाईचारे का प्रतीक सम्मान है। इस वजह से इनकार नहीं कर पाया।

मेरा काम गन्ना अधिकारी का रहा है। किसानों को गन्ने की अच्छी वैरायटी के चयन से लेकर मिल में खरीद तक उनकी मदद करता था। गांव- गांव जाकर सरकार की सब्सिडी व योजनाओं के बारे में जागरूक किया करता था। मिल में किसी प्रकार की तकनीकी खराबी आने पर किसानों को अलर्ट कर देता था कि वे गन्ना लेकर कुछ दिन न आएं। फिर खराबी ठीक होने पर उन्हें बता भी देता था।

इसी वजह से किसान मुझसे जुड़े रहे। पूरे कार्यकाल में दो बार मुझे निलंबित किया गया। दोनों बार किसानों से कम गुणवत्ता का गन्ना खरीदने के आरोप में कार्रवाई हुई। किसानों ने मेरा साथ दिया और बाद में मैं दोनों बार बेदाग साबित हुआ।

Edited By

vinod kumar