अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में नजर आएंगे विश्व की संस्कृति के बहुरंग : फुलिया(VIDEO)

11/23/2019 3:56:22 PM

कुरुक्षेत्र (धमीजा) : अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2019 में विश्व की संस्कृति के बहुरंग नजर आएंगे। इस महोत्सव में अलग-अलग देशों की संस्कृति के रंग बिखरने से कुरुक्षेत्र की फिजा में भी विभिन्न प्रदेशों और देशों की महक फैलेगी। इसका एहसास महोत्सव में आने वाले पर्यटक को खुद ब्रह्मसरोवर के पावन तट पहुंचने पर हो जाएगा। इस महोत्सव में राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर के शिल्पकार अपनी-अपनी शिल्पकला के साथ पहुंच चुके हैं।

इन कलाकारों और महोत्सव का आनंद लेने वाले लाखों लोगों के स्वागत के लिए प्रशासन ने तमाम तैयारियां पूरी कर ली हैं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किए गए हैं।उपायुक्त डा. एस.एस. फुलिया शुक्रवार को के.डी.बी. कार्यालय में अधिकारियों की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर के तट पर अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में शिल्प और सरस मेले का आयोजन 23 नवम्बर से 10 दिसम्बर तक किया जाना है।

उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक कला केन्द्र, एच.टी.सी. और डी.आर.डी.ए. की तरफ से ब्रह्मसरोवर पर क्राफ्ट और सरस मेले का आयोजन किया जाएगा। ये मेले सुबह 10 बजे से लेकर रात्रि 9 बजे तक चलेंगे। उन्होंने कहा कि 3 दिसम्बर को ब्रह्मसरोवर पर अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के मुख्य कार्यक्रमों का शुभारम्भ होगा। उन्होंने कहा कि सूचना, जन सम्पर्क एवं भाषा विभाग की तरफ से 3 से 8 दिसम्बर तक राज्यस्तरीय विकासात्मक प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।

 इस प्रदर्शनी के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक संस्थाओं की प्रदर्शनी भी शुरू होगी। उन्होंने कहा कि महोत्सव में श्रद्धालु और पर्यटकों के लिए पुलिस प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इस मौके पर ए.डी.सी. पार्थ गुप्ता, के.डी.बी. के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा, संयुक्त निदेशक एवं सी.ई.ओ. के.डी.बी. गगनदीप सिंह, के.डी.बी. सदस्य उपेन्द्र सिंघल, राजेन्द्र पारासर, सौरव चौधरी, रविन्द्र सांगवान सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

 सरस मेला 10 दिसम्बर तक जारी रहेगा
अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के शिल्प मेले का उद्घाटन 23 नवम्बर को सायं 4 बजे हरियाणा की मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा करेंगी। इसके साथ-साथ हरियाणा के शिक्षामंत्री कंवरपाल गुर्जर सरस मेले का उद्घाटन करेंगे। यह शिल्प व सरस मेला 23 नवम्बर से 10 दिसम्बर तक सुबह 10 बजे से लेकर रात्रि 9 बजे जारी रहेगा। अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में प्रशासन की तरफ से के.डी.बी. कार्यालय में तमाम सुविधाओं से लैस मीडिया सैंटर की स्थापना की गई है। इस मीडिया सैंटर का उद्घाटन 23 नवम्बर को होगा।

Edited By

vinod kumar