20 से 22 मार्च तक ऑस्ट्रेलिया में भी होगा अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव : CM खट्टर

12/2/2019 10:18:42 AM

चंडीगढ़/गुडग़ांव(ब्यूरो/गौरव ): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि देश के साथ-साथ विदेशों में भी गीता महोत्सव को बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में 20 मार्च से 22 मार्च तक ऑस्ट्रेलिया में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री आज नई दिल्ली के लाल किला मैदान में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2019 के संदर्भ में आयोजित कार्यक्रम को विशिष्ट अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिडला, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी, हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, योगगुरु बाबा रामदेव व मोरारी बापू ने गीता प्रेरणा महोत्सव-2019 में अपने संदेश प्रेषित किए। लाल किला मैदान में आयोजित गीता प्रेरणा महोत्सव-2019 का शुभारंभ हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर व गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुरुक्षेत्र को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर दिव्य व भव्य रूप में विकसित किए जाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र के 48 कोस के प्राचीन क्षेत्र में स्थित महाभारत कालीन तीर्थ स्थलों को क्रमबद्ध रूप से विकसित किया जा रहा है। प्राचीन सरस्वती नदी के उद्गम स्थल व प्रवाह मार्ग पर स्थित प्राचीन धार्मिक स्थलों का भी जीर्णोद्धार करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम के सहयोग से प्राचीन सरस्वती नदी के भूमिगत जल स्रोत से जल निकालकर भूतल पर सरस्वती नदी के प्रवाह मार्ग में पुन: जल प्रवाह किए जाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। मनोहर लाल ने कहा कि मॉरिशस और यूनाइटेड किंगडम में भी अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव आयोजित किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुरुक्षेत्र में जीओ गीता द्वारा एक अनुसंधान केंद्र स्थापित किया जा रहा है। विभिन्न धार्मिक संस्थाओं द्वारा कुरुक्षेत्र में धार्मिक केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र में पांच एकड़ क्षेत्र में एक भारत माता मंदिर भी बनाया जाएगा। कुरुक्षेत्र में सूर्यग्रहण व अन्य धार्मिक अवसरों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती जा रही संख्या के दृष्टिगत वहां सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिडला ने गीता के प्रसार की दिशा में स्वामी ज्ञानानंद महाराज द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि गीता विश्व धरोहर है और गीता दर्शन सदैव प्रासंगिक है।

गीता ज्ञान सामान्य मानव जीवन का मार्ग प्रशस्त करती है। हमें अपने जीवन में गीता को अपनाना चाहिए।केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी ने कहा कि साधु-संतों व विद्वानों के संबोधन से सदैव श्रेष्ठ प्रेरणा मिलती है। केंद्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में गर्भवती माताओं व बच्चों में कुपोषण की समस्या को नियंत्रित करने की दिशा में सेवा-सहयोग किए जाने का आह्वान किया। केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम राज्य मंत्री प्रताप चंद्र सारंगी ने कहा कि पवित्र गीता का दर्शन संपूर्ण मानव जाति के कल्याण का स्रोत है।

लाल किला मैदान में आयोजित गीता प्रेरणा महोत्सव-2019 के मुख्यातिथि व राष्ट्रीय स्वयंसेवक के सरसंघचालक मोहन भागवत ने कहा कि पवित्र गीता हमारी विरासत है और विश्व में प्रसारित किए जाने की दिशा में इसे विस्तारित करना है। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने पवित्र गीता को मानवता के लिए दिव्य प्रेरणा व प्रत्येक क्षेत्र की व्यावहारिक पहचान बताते हुए कहा कि गीता शिक्षा शास्त्र है, न्याय शास्त्र है, चिकित्सा शास्त्र है, मनोबल बढ़ाने की प्रेरणा विशेषकर युवाओं के लिए तो संजीवनी है।

गीता प्रेरणा महोत्सव-2019 में नेत्रहीन छात्राओं ने गीता के 18 अध्यायों से संकलित 18 श्लोकों का उच्चारण किया। मुस्लिम छात्रों ने गीता के 18 अध्यायों से संकलित 18 श्लोकों का उर्दू अनुवाद प्रस्तुत किया। गीता प्रेरणा महोत्सव-2019 में विभिन्न देशों से काफी संख्या में आए भारतीयों ने भी भाग लिया।

Edited By

vinod kumar