मन्त्रो उच्चारण के साथ अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का आगाज(Video)

12/13/2018 9:28:43 PM

कुरुक्षेत्र (रणदीप रोड): अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का विधिवत आगाज कुरुक्षेत्र ब्रह्मसरोवर पर मन्त्रो उच्चारण के साथ हुआ। मारीशस के कार्यवाहक राष्ट्रपति प्रामाशिव्यम पिल्लै वयापरे, हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य, मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ब्रह्मसरोवर के जल का आचमन कर विधिवत रुप से गीता का पूजन कर गीता जयंती महोत्सव का शुभारंभ किया। यह महोत्सव 13 से 18 दिसंबर तक चलेगा। 

इस महोत्सव में 18 हजार विद्यार्थियों के साथ वैश्विक गीता पाठ, ध्वनि और प्रकाश शो उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक कला केन्द्र पटियाला द्वारा 12 से ज्यादा राज्यों के कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, अंतर्राष्ट्रीय गीता सेमिनार, विराट संत सम्मेलन, ब्रह्मसरोवर की महाआरती, गीता शोभा यात्रा आदि मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहेंगे। इसके लिए प्रशासन और कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की तरफ से सुरक्षा और व्यवस्था के तमाम पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

बाद में सभी मेहमानों ने हरियाणा पैवेलियन का अवलोकन किया। मॉरीशस के राष्ट्रपति प्रामाशिव्यम पिल्लै वयापरे, राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य, गुजरात के शिक्षा मंत्री भूपेन्द्रा सिंह, कैबिनेट मंत्री रामबिलास शर्मा, राज्यमंत्री कृष्ण बेदी, विधायक डॉ. पवन सैनी ने सरस्वती नदी के माडॅल का अवलोकन किया और सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रशांत भारद्वाज ने सरस्वती नदी के विकास को लेकर राष्ट्रपति को बारीकी से जानकारी दी। 

वहीं कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में नव भारत निर्माण में भगवत गीता की अंतर्दृष्टि विषय पर आयोजित तीन दिवसीय संगोष्ठी का उद्घाटन करने पहुंचे मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि गीता का संदेश भगवान कुरुक्षेत्र में कुरुक्षेत्र भूमि पर महाभारत युद्ध के दौरान दिया और यह संसार का एकमात्र उदाहरण है कि युद्ध के मैदान में शस्त्र और शास्त्र एक साथ उपयोग हुए उन्होंने कहा कि अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश और जीवन जीने की शैली गीता शास्त्र है उन्होंने कहा कि आज वह गीता ज्ञान संस्थान में गीता प्रदर्शनी का उद्घाटन करके आए हैं गीता जीवन जीने का सार है उन्होंने कहा कि भगवत गीता सिर्फ आध्यात्मिक ग्रन्थ नहीं इसमें व्यवहारिक बातें लिखी हैं।  

 

kamal