कुरुक्षेत्र में iPhone कारोबारी को धमकाकर मांगी 2 करोड़ की फिरौती, फोन पर कहा- रकम नहीं दी तो...
punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 06:49 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल) : हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के कस्बा पिहोवा में एक आईफोन मोबाइल कारोबारी से 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कारोबारी ने डीएसपी पिहोवा को शिकायत देकर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। लगातार आ रही धमकी भरी कॉल्स के कारण परिवार दहशत में है।
नंद कॉलोनी निवासी सैनी सेवा समिति के पूर्व प्रधान जसवंत सैनी ने बताया कि 8 फरवरी की शाम करीब 6:30 बजे वे परिवार सहित जय प्रकाश मार्केट स्थित एक शोरूम में खरीदारी कर रहे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर विदेशी नंबर +1-559-955-7040 से कॉल आई। कॉलर ने खुद को गैंग से जुड़ा बताते हुए 2 करोड़ रुपये की मांग की और रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी।
जसवंत सैनी के अनुसार पहले उन्हें लगा कि कोई परिचित मजाक कर रहा है, इसलिए उन्होंने भी हल्के अंदाज में जवाब दिया। लेकिन आरोपी गाली-गलौज पर उतर आया और लगातार धमकियां देने लगा। उस दिन आरोपी की ओर से छह बार कॉल की गई। उन्होंने बताया कि 20 फरवरी को फिर से धमकी भरी कॉल आई। आरोपी बार-बार फोन कर मानसिक रूप से परेशान कर रहा है।
हाल ही में पड़ोस के एक युवक की पंजाब में हत्या की घटना के बाद परिवार और भी सहमा हुआ है। शिकायत करता ने मामले की शिकायत डीएसपी निर्मल सिंह को सौंप दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)